नालंदा: बिहार के नालंदा में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने एक महिला की जान ले ली। महिला अपनी छत पर अनाज को समेटने गई थी। इसी दौरान हवा के तेज झोंके में वह उड़कर छत से नीचे गिर गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिजनों के बीच शोक का माहौल है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
नालंदा जिले में देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवा जिसकी रफ्तार करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की थी और धूल भरी आंधी के बाद हुई हल्की बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं यह आंधी एक परिवार के लिए काल बन गई।
तेज हवा के झोंके से छत पर मौजूद एक वृद्ध महिला नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के महानंदपुर गांव की है। बताया जाता है कि वृद्ध महिला श्रुति देवी घर की छत पर रखे अनाज को समेटने गई थीं।
इसी दौरान अचानक तेज आंधी और हवा का झोंका आया। हवा इतनी तेज थी कि महिला अपना संतुलन खो बैठी और हवा में उड़ते हुए छत से नीचे जमीन पर गिर गईं। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मौसम में बदलाव के बीच आई तेज आंधी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था कि जहानाबाद, नालंदा और पटना जिले में अगले दो से तीन घंटे में बारिश के साथ तेज हवा और आंधी आ सकती है। इसके बावजूद लोगों ने मौसम के अलर्ट को सीरियस नहीं लिया और आखिर में ये घटना घट गई। अब लोगों का कहना है कि अगर महिला अनाज को पहले ही छत से उठा लाती तो मौसम की ये मार नहीं झेलनी पड़ती है।
महिला की मौत से इलाके में शोक का माहौल है और मौसम को लेकर लोगों के अंदर डर है कि फिर कहीं इस तरह की कोई घटना ना हो जाए। (रिपोर्ट- शिव कुमार)