1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीतीश कुमार के चेहरे पर बिहार में चुनाव लड़ेगी NDA, नहीं होगा कोई नया चेहरा; सम्राट चौधरी ने दिया बड़ा बयान

नीतीश कुमार के चेहरे पर बिहार में चुनाव लड़ेगी NDA, नहीं होगा कोई नया चेहरा; सम्राट चौधरी ने दिया बड़ा बयान

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 07, 2025 11:13 am IST,  Updated : Mar 07, 2025 11:28 am IST

सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार का एक और कार्यकाल के लिए समर्थन करेगी।

नीतीश कुमार के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी एनडीए।- India TV Hindi
नीतीश कुमार के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी एनडीए। Image Source : PTI/FILE

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार का एक और कार्यकाल के लिए समर्थन करेगी। सम्राट चौधरी ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) किसी नए चेहरे को आगे बढ़ा सकता है। सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत का पार्टी में आना उनका व्यक्तिगत और जद(यू) का आंतरिक मामला है। 

कल भी, आज भी और कल भी होंगे नीतीश

वहीं सम्राट चौधरी ने राज्य में NDA के मुख्य प्रतिद्वंद्वी तेजस्वी यादव को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा ‘‘मात्र प्रतिनिधि’’ करार दिया। यह पूछे जाने पर कि अगले बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होंगे? इस पर सम्राट चौधरी ने कहा, ‘‘बिहार की राजनीति में यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि राजग के नेता नीतीश कुमार हैं। वह 1996 से गठबंधन के नेता हैं। भारतीय जनता पार्टी इनके नेतृत्व में सहज रही है। कल भी नीतीश थे, आज भी नीतीश हैं और कल भी नीतीश कुमार ही रहेंगे।’’ 

निशांत का मामला जदयू के अंदर की बात

यह पूछे जाने पर कि इन दिनों नीतीश कुमार के 47 वर्षीय पुत्र निशांत के राजनीति में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है ऐसे में उनकी क्या भूमिका रहेगी? इस पर सम्राट चौधरी ने कहा, ‘‘वह नीतीश जी का व्यक्तिगत मामला है और जनता दल यूनाइटेड के अंदर की बात है। हम नीतीश कुमार जी के साथ समझौते में है और जनता दल यूनाइटेड का जो निर्णय होगा उसके साथ हम लोग खड़े रहेंगे।’’ उपमुख्यमंत्री ने अपने पूर्ववर्ती और वर्तमान में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा कई लोकलुभावन वादों के माध्यम से पैदा की गई चर्चा को भी हल्के में लिया। 

लालू के प्रतिनिधि हैं तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा के जारी सत्र में विपक्षी नेता के साथ बहुत तल्ख बहस और नोक-झोंक होने के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा, ‘‘लालू जी के प्रतिनिधि हैं तेजस्वी यादव। लालू जी कह देंगे कि तेज प्रताप आज से हमारा नेता होगा, तो कल से बिहार की जनता तेजस्वी को पहचानना भूल जाएगी। लालू जी कह देंगे कि मीसा भारती हमारी नेता हैं, तो कल से लोग इन्हें पहचानना भूल जाएंगे। वह लालू जी के प्रतिनिधि के तौर पर काम कर रहे हैं। पहले राबड़ी देवी काम कर रही थीं आज तेजस्वी यादव काम कर रहे हैं। यह स्वाभाविक है।’’ (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

"बुरी नजर डालने वालों की आंखें निकाल लो, आर्थिक बहिष्कार करो", BJP विधायक भड़ाणा ने दिया बयान

सरस्वती विद्या मंदिर के कार्यक्रम में शामिल हुए मोहन भागवत, बताया- कैसी होनी चाहिए भारत की शिक्षा व्यवस्था?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।