अररिया: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में बुधवार को दूसरे दिन अररिया पहुंचे। अररिया में उन्होंने करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने एक तरफ जहां अपनी सरकार की उपलब्धियां बताई तो दूसरी तरफ लालू-राबड़ी के कार्यकाल पर हमला भी किया। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले राज्य की हालत कितनी खराब थी और जब से हम आये तो फिर हमने सब कुछ ठीक किया है।
उठकर जाने लगे तो सीएम ने लोगों को रोका
अररिया में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने एक तरफ अपने कार्यकाल की उपलब्धि और आगे की योजनाएं बताई तो दूसरी तरफ उन्होंने पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। सीएम नीतीश के भाषण के दौरान ही अचानक कुछ लोग उठ का जाने लगे तो सीएम नीतीश ने उन्हें रोका और अपने चिर परिचित अंदाज में कहा कि अरे, कहां इधर उधर जा रहे हैं। आप लोग, बैठिये न आप लोग पूरा..एक एक बतवा जानिए..। हम अभी देख रहे हैं कुछ लोगों को भाग रहे हैं। अरे काहे के लिए जा रहे हैं.. सब चीज जानियेगा तब न जाइएगा। अभी तो हम आपके लिए भी पूरा बात करने वाले हैं। अभी तो पूरे बिहार का, सब जगह का काम करके और यहां भी जो काम किया गया है। वह भी हम आप लोगों को बताने जा रहे हैं। इधर उधर मत करिए, बैठिये चुपचाप।
नीतीश कुमार ने गिनाई अपनी उपलब्धियां
सीएम नीतीश ने लालू-राबड़ी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमसे पहले राज्य में मात्र 6 मेडिकल कॉलेज थे और हमने तत्काल शुरू किया और अब 12 मेडिकल कॉलेज हो गए। इसके साथ ही और भी मेडिकल कॉलेज बनाये जा रहे हैं, कई जिलों में जल्द ही निर्माण कार्य पूर्ण हो जायेगा। पहले वाले मेडिकल कॉलेज को हमने इतना अच्छा कर दिया है कि अब यह बहुत बड़ा और बेहतर होता जा रहा है। हमने पुराने सभी मेडिकल कॉलेज में कम से कम 2500 बेड का बनवा रहे हैं। IGIMS को भी हमने काफी बेहतर बना दिया है। हम खुद हर जगह जा कर देख रहे हैं और एक एक काम कर रहे हैं।
सीएम नीतीश ने कहा कि हमने राज्य में सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया। सुदूर इलाकों से भी लोग राजधानी पटना 6 घंटे में पहुंचने लगे और अब यह समय घट कर 5 घंटे लगते हैं। हमने 2008 में कृषि रोडमैप बना कर काम किया और काफी प्रगति की। अभी चौथा रोडमैप पर काम किया जा रहा है और किसानों की स्थिति काफी सुधरी है। हमारा राज्य दूध, मछली, अंडा समेत अन्य कृषि उत्पादन में काफी आगे बढ़ा है। सीएम नीतीश ने कहा कि हमने सात निश्चय योजना बनाई और इसके तीन फेज के तहत हर क्षेत्र में काम हुआ। हमने 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दिया, नल का जल पहुंचा दिया। पहले मामूली दर पर बिजली दी जाती थी और अब सभी को मुफ्त में मिल रही है।
50 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का काम जारी
सीएम नीतीश ने कहा कि हमने इतना काम कर दिया है कि लोगों को काफी सुविधा मिल रहा है। अभी 50 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का काम भी जल्दी ही पूरा किया जायेगा। हमने पिछले कार्यकाल में 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था लेकिन हमने 10 लाख नौकरी और 40 लाख रोजगार दिया। अब इस कार्यकाल के लिए हमने तय किया है कि 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जायेगा, इस पर भी काम जारी है। सरकार ने सभी धर्म और जाति का विकास किया है और सबके लिए काम भी किया है।
वृद्ध, दिव्यांग और विधवाओं की पेंशन बढ़ाई
सीएम नीतीश ने कहा कि हमने वृद्ध, दिव्यांग और विधवाओं को पहले 400 रूपये महीना दिया और अब वह राशि भी बढ़ा दी है। हमने जातीय गणना भी कराई और इस दौरान आर्थिक स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान हमने 24 लाख गरीब परिवार पाए गए जिसमें सभी समुदाय और धर्म और जाति के लोग हैं। हमने सभी लोग को दो लाख रूपये देने का प्रावधान किया। हमने उन परिवारों की सहायता करना शुरू कर दिया है और जरूरत पड़ने पर दो लाख रूपये से अधिक रूपये भी दिए जा सकते हैं। हमने नगर निकाय और पंचायती राज में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया। सभी सरकारी नौकरियों में हमने महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया। यह व्यवस्था देश में कहीं नहीं है सिर्फ बिहार में है।
(अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट)
संपादक की पसंद