बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी मंगलवार को दिल्ली दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली दिल्ली यात्रा होगी। उनकी दिल्ली यात्रा को औपचारिक तौर पर शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है। हालांकि, राजनीतिक दृष्टि से भी इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बिहार में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हो सकती है। राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए यह मुलाकात आगे की रणनीति तय करने में अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट कर सकते हैं।
दिल्ली में होने वाली बैठकें अहम
बिहार में फिलहाल केवल मुख्यमंत्री और दो उप-मुख्यमंत्री- बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ने ही शपथ ली है। राज्य में मंत्रियों की अधिकतम संख्या 36 हो सकती है, जिसमें से अभी 33 पद खाली हैं। ऐसे में दिल्ली में होने वाली ये बैठकें काफी अहम मानी जा रही हैं, जिनमें संभावित मंत्रियों के नाम, जातीय संतुलन और क्षेत्रीय समीकरणों पर भी चर्चा हो सकती है।
बता दें कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे और राज्यसभा जाने के बाद राज्य में नई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार का गठन हुआ है। बिहार में पहली बार बीजेपी के नेतृत्व में सरकार है, जिसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली। पटना के लोक भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली: फैक्ट्री में बन रहा था नकली ENO और Nescafe, वीडियो देखकर पीने से पहले 10 बार सोचेंगे