बिहार में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सीतामढ़ी जिले के रिगा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों ने यहां दिनदहाड़े एक सीएसपी संचालक को निशाना बनाते हुए पिस्टल के बल पर 1.70 लाख की लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना रिगा के अनहाड़ी स्थित सेंट्रल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) की है, जहां अपाचे पर सवार तीन अपराधियों ने पूरी योजना के साथ लूट की घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद वहां लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस मामले पर डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर ली है और जल्दी ही उन पर कार्रवाई होगी।
शटर गिराकर आने-जाने का रास्ता किया बंद
जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के रिगा थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक राजेश्वर ठाकुर अपनी दुकान में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों सीधे दुकान के अंदर घुसे और सबसे पहले शटर गिराकर बाहर से किसी के आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया।
पिस्टल तानकर संचालक को धमकाया
इसके बाद अपराधियों ने पिस्टल तानकर संचालक को धमकाया और गल्ले में रखी नकदी के साथ उनकी जेब में मौजूद पैसे भी छीन लिए। कुल मिलाकर करीब ₹1.70 लाख लेकर तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बदमाशों की हुई पहचान
सूचना मिलते ही रिगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अपराधियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। मामले पर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
(सीतामढ़ी से सौरव की रिपोर्ट)