1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीतामढ़ी के स्कूल में 9वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटकता मिला शव

सीतामढ़ी के स्कूल में 9वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटकता मिला शव

 Written By: Amar Deep
 Published : Sep 20, 2026 01:02 pm IST,  Updated : Sep 20, 2026 01:04 pm IST

बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक छात्रा का शव स्कूल की ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटकता मिला।

स्कूल में मिला छात्रा का शव।- India TV Hindi
स्कूल में मिला छात्रा का शव। Image Source : REPORTER INPUT

सीतामढ़ी: जिले के रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 9वीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक छात्रा का शव विद्यालय की ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटकता हुआ मिला। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रीगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मृतक छात्रा की पहचान मोतिहारी जिले के फेनहरा थाना क्षेत्र के खान पिपरा गांव निवासी रामनंदन शाह की पुत्री रजनी कुमारी के रूप में हुई है।

एक महीने पहले हुआ था नामांकन

सदर एसडीपीओ आशीष आनंद के अनुसार, रजनी कुमारी का करीब एक महीने पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नामांकन कराया गया था। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि छात्रा विद्यालय के हॉस्टल में रहना नहीं चाहती थी। करीब 15 दिन पहले उसकी छोटी बहन का भी इसी विद्यालय में नामांकन कराया गया था। पुलिस के अनुसार, शनिवार को रजनी के बूआ-फूफा उसे विद्यालय छोड़कर गए थे। बताया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान उसे घर भेजने की बात कही गई थी। उनके विद्यालय से जाने के कुछ समय बाद छात्रा का शव ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला।

मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विद्यालय प्रबंधन और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस छात्रा की मौत से पहले की परिस्थितियों, विद्यालय में उसकी गतिविधियों और घटना के समय मौजूद लोगों की जानकारी जुटा रही है। सदर एसडीपीओ आशीष आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्रा के विद्यालय में नहीं रहना चाहने की बात सामने आई है, लेकिन इसे अभी मौत का कारण नहीं माना जा रहा है। मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- सौरभ)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम में थार सवार मनबढ़ों का आतंक, कैब में कई बार मारी टक्कर; VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।