1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में डीजे पर गाना बजाने को लेकर मचा बवाल, जयमाला के बाद दूल्हा समेत 12 बाराती बंधक, गाड़ियों में तोड़फोड़

मुजफ्फरपुर में डीजे पर गाना बजाने को लेकर मचा बवाल, जयमाला के बाद दूल्हा समेत 12 बाराती बंधक, गाड़ियों में तोड़फोड़

 Published : Jun 30, 2026 11:10 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 11:10 pm IST

मुजफ्फरपुर जिले में शादी समारोह तब रणक्षेत्र बन गया जब वहां डीजे पर भोजपुरी गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी लाठी-डंडे की मारपीट में बदल गई।

शादी में डीजे विवाद- India TV Hindi
शादी में डीजे विवाद Image Source : INDIA TV

मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बाजी बुजुर्ग पंचायत में एक शादी समारोह उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब डीजे पर भोजपुरी गाना बजाने को लेकर बाराती और लड़की पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। बाराती पक्ष और स्थानीय युवकों ने एक दूसरे पर लाठी डंडे से हमला कर दिया झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं. इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ हुई और जयमाला के बाद शादी की रस्में रोकनी पड़ीं। विवाद के कारण जयमाला के बाद दूल्हा समेत 12 बारातियों को बंधक बनाया गया था। सोमवार को दिनभर चली पंचायत के बाद देर शाम शादी संपन्न हो सकी।

गाने की फरमाइश बनी विवाद की वजह

रविवार देर रात बाजी बुजुर्ग पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित पवन मुखिया की बेटी की शादी में बेगूसराय से बारात आई थी। स्वागत के बाद बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए दरवाजे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान डीजे पर "मुजफ्फरपुर जिला तोड़ जीजा लगिए" गाना बज रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेगूसराय से आए कुछ बारातियों ने अपने जिले के नाम वाला गाना " बेगूसराय जिला तोड़ जीजा लगिए " बजाने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई।

वाहनों में तोड़फोड़, शादी की रस्में रुकीं

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे बाराती पक्ष और स्थानीय युवकों के ग्रुप में एक दूसरे पर हमला कर दिया. मंच पर समय जयमाला का कार्यक्रम हो रहा था अचानक लाठी डंडे से हमले के कारण अफ़रा तफरी मच गई। इस दौरान तीन बाइक समेत कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। अफरा-तफरी के बीच शादी की रस्में बीच में ही रोक दी गईं। महिलाएं घर की ओर भागने लगी। ग्रामीणों और बुजुर्गों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत कराया गया।

दिनभर चली पंचायत, फिर हुई शादी

मारपीट के बाद दूल्हा पक्ष ने आगे की रस्में करने से इनकार कर दिया। सोमवार को पूरे दिन पंचायत चली, जिसमें क्षतिग्रस्त वाहनों के मुआवजे को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। इसके बाद देर शाम विवाह की शेष रस्में पूरी कराई गईं और दुल्हन की विदाई हुई। एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शादी समारोह में डीजे पर गाना बजाने के विवाद में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: 

यूपी के कासगंज में ट्रेनी एयरक्राफ्ट हुआ क्रैश, निर्माणाधीन हाईवे पर जा गिरा, सामने आया वीडियो

सउदी अरब में क्रैश हुआ हेलिकॉप्टर, 14 लोगों की मौत; हादसे की जांच जारी

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।