मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। गोपालगंज के एक कार्यक्रम में स्वागत के दौरान हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील नृत्य का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए मीरगंज थाना में FIR दर्ज कर ली है। इस मामले में अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। वहीं, इस पूरे मामले पर अनंत सिंह का बयान सामने आया है।
सरकार बोल दे कि ऐसा नहीं करना है- अनंत सिंह
जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा, 'लोग नाचे गाये भी न क्या, इसमें क्या गलत है, सरकार बोल दे कि ऐसा नहीं करना है। नियम ही बना दे तो कोई ऐसा नहीं करेगा। मेरा नाम जोड़कर लोग पॉपुलर होना चाहते हैं। इसलिए हर बात में मेरा नाम घसीट देते हैं।'
कानूनी कार्रवाई का करेंगे सामना
अनंत सिंह ने आगे कहा, 'मीडिया की वजह से भी हर बात में मेरा नाम आ जाता है। जिन लोगों ने हथियार रखा था, उनको हम नहीं जानते, वे मेरे साथ नहीं थे। गुड्डू राय मेरे मित्र हैं, उनके परिवार में जनेऊ का कार्यक्रम था उसी में हम गए थे। कानूनी कार्रवाई का सामना करेंगे।'
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, 2 मई को अनंत सिंह गोपालगंज पहुंचे थे, जहां मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक जनेऊ समारोह के दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया था। लेकिन यह स्वागत अब विवादों में घिर गया है।
खुलेआम हथियार लहराते नजर आए समर्थक
वायरल वीडियो में समर्थक खुलेआम हथियार लहराते नजर आ रहे थे। साथ ही बार-बालाओं के साथ अश्लील नृत्य और नोटों की बारिश का दृश्य भी सामने आया था। पूरा माहौल शक्ति प्रदर्शन जैसा दिखाई दे रहा था।
FIR में अनंत सिंह समेत इन लोगों का नाम
वीडियो में यह भी देखा गया कि अनंत सिंह खुद सामने बैठकर कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है, जिनमें गुड्डू रॉय उर्फ अमरेश रॉय, उत्सव रॉय, प्रियांशु कुमार, टिशू रॉय, सौरव कुमार राय उर्फ टीकोरी रॉय, विशाल रॉय, सिनील यादव, गुंजन सिंह, मोकामा विधायक अनंत सिंह के साथ ही अन्य अज्ञात पर मामला दर्ज हुआ है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील कार्यक्रम कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: