1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में महिला को गर्भवती करने के नाम पर 8 लाख का प्रलोभन देकर युवक से 27000 रुपये की ठगी

मुजफ्फरपुर में महिला को गर्भवती करने के नाम पर 8 लाख का प्रलोभन देकर युवक से 27000 रुपये की ठगी

 Published : Jul 29, 2026 11:06 am IST,  Updated : Jul 29, 2026 12:18 pm IST

सोशल मीडिया पर आसान कमाई का लालच देकर साइबर ठग लोगों को नए-नए तरीकों से अपना शिकार बना रहे हैं। मुजफ्फरपुर में भी कुछ ऐसा ही हुआ है। यहां साइबर ठगों ने महिला को गर्भवती करने के नाम पर 8 लाख का प्रलोभन देकर युवक से 27000 रुपये की ठगी की है। जानें पूरा मामला।

मुजफ्फरपुर में महिला को गर्भवती करने के नाम पर 8 लाख का प्रलोभन देकर युवक से 27 हजार की ठगी- India TV Hindi
मुजफ्फरपुर में महिला को गर्भवती करने के नाम पर 8 लाख का प्रलोभन देकर युवक से 27 हजार की ठगी Image Source : INDIA TV

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से साइबर अपराध का एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को महिला को गर्भवती करने के नाम पर 8 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया गया और रजिस्ट्रेशन शुल्क व अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर उससे हजारों रुपये ठग लिए गए। मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के सहबाजपुर का है, जहां एक युवक को 'महिला को गर्भवती करने' के बदले 8 लाख मिलने का झांसा देकर ठगों ने साइबर ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

फेसबुक पोस्ट देखकर फंसा युवक 

पीड़ित संजीव सहनी ने बताया कि कुछ दिन पहले फेसबुक स्क्रॉल करते समय उसे एक पोस्ट दिखाई दी, जिसमें महिला को गर्भवती करने के बदले 8 लाख देने का दावा किया गया था। पोस्ट में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने भरोसा दिलाया कि काम पूरा होने के बाद पूरी राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।

कॉन्ट्रैक्ट और रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगे पैसे 

आरोप है कि ठगों ने कॉन्ट्रैक्ट तैयार करने, रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर तीन किश्तों में 27000 रुपये ऑनलाइन जमा करा लिए। 27000 रुपये लेने के बाद भी कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं भेजा गया और आरोप लगाकर और पैसे मांगने लगे। शक होने पर युवक ने दोबारा संपर्क किया, लेकिन ठगों ने फोन उठाना बंद कर दिया। तब युवक को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए कहा कि वह आसान कमाई के प्रलोभन में साइबर ठगों के जाल में फस गया।

जांच में जुटी पुलिस और साइबर सेल 

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल संबंधित मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले आसान कमाई, नौकरी या अन्य आकर्षक ऑफरों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन पैसे भेजने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें।

(रिपोर्ट - संजीव कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।