1. Hindi News
  2. बिहार
  3. जेडीयू सांसद ने अपनी ही पार्टी के विधायक को बताया पियक्कड़, 'काले नाग' से तुलना पर भड़के अजय मंडल

जेडीयू सांसद ने अपनी ही पार्टी के विधायक को बताया पियक्कड़, 'काले नाग' से तुलना पर भड़के अजय मंडल

 Published : Aug 28, 2024 02:39 pm IST,  Updated : Aug 28, 2024 02:50 pm IST

भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने खुद और पूर्व सांसद सह जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुलो मंडल पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल पर पलटवार किया है।

जेडीयू सांसद अजय मंडल- India TV Hindi
जेडीयू सांसद अजय मंडल Image Source : INDIA TV

भागलपुर: जेडीयू सांसद अजय मंडल और जेडीयू विधायक गोपाल मंडल के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। दरअसल बड़बोले विधायक गोपाल मंडल हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। बीते दिनों गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल ने भागलपुर के सांसद अजय मंडल को और पूर्व सांसद बुलो मंडल को काला नाग और गोरा नाग कह कर संबोधित किया था। साथ ही अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया था। वहीं अब भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने गोपाल मंडल पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि झारखंड की बोतल पीने के बाद गोपाल मंडल ऐसे बयान दे देते हैं।

गोपाल मंडल को लेकर कही ये बात

मंगलवार को नवगछिया में बाढ़ पीड़ितों से मिलने एवं जन्माष्टमी पर गोसाईगांव में घूमने के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने स्थानीय अंदाज में कहा 'गोपाल भैया का झारखंड से आवे वाला चीज के नतीजा से बोलैय छय है...'। उन्होंने कहा कि गोपाल मंडल कुछ बोलते नहीं हैं, उनसे खुद बोला जाता है। वह किसी पर भी कमेंट करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अभद्र भाषा का प्रयोग करना उनका नेचर व सिग्नेचर है। यह कभी किसी का बदलता नहीं है। अगर उन्होंने किसी कार्यकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया है तो कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। जेडीयू सांसद ने कहा कि बिहार में सुशासन है। कानून का राज स्थापित करने पर ही नीतीश कुमार सफल मुख्यमंत्री बने हैं। 

सांसद को विधायक ने बताया था काला नाग

बता दें कि बीते सोमवार बिहपुर में एनडीए गठबंधन की बैठक के मौके पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक गोपाल मंडल ने अपनी ही पार्टी के सांसद अजय मंडल को काला नाग और बुलो मंडल को गोरा नाग कहकर संबोधित किया था। गोपाल मंडल अपने बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। उन पर अक्सर विवादित बयान देने के आरोप लगते रहे हैं। 

रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।