बिहार के कैमूर जिले में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट से मंगवाए गए एक पार्सल में धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के कुदरा के रहने वाले 11 साल के अर्पण त्रिगुण ने अपने जन्मदिन के लिए ढाई हजार रुपये का एक ड्रोन ऑर्डर किया था, लेकिन पार्सल में ड्रोन की जगह आधा लीटर पानी की बोतल और रद्दी कागज के टुकड़े निकले।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अर्पण त्रिगुण ने अपने जन्मदिन (21 अगस्त) के लिए फ्लिपकार्ट से 2,564 रुपये का ड्रोन ऑर्डर किया था। पहली बार जब ड्रोन आया तो चल नहीं रहा था, इसलिए उसे वापस कर दूसरा मंगाया। दो दिन बाद जब कैश ऑन डिलीवरी का दूसरा पार्सल आया, तो अर्पण और उनके परिवार ने डिलीवरी बॉय के सामने ही पैकेट खोलने को कहा।
जब पैकेट खोला गया, तो उसे देखकर सभी लोग हैरान रह गए। ड्रोन की जगह उसमें एक पानी की बोतल और कुछ रद्दी कागज भरे हुए थे। खुद डिलीवरी बॉय भी यह देखकर दंग रह गया। उसने तुरंत अपने सीनियर को फोन कर इस घटना की जानकारी दी। डिलीवरी बॉय ने बताया कि वह सिर्फ पैकेट डिलीवर करता है और उसे नहीं पता होता कि अंदर क्या है।
विश्वसनीय पर उठे सवाल
इस घटना से अर्पण और उनके परिवार के साथ-साथ अन्य लोग भी हैरान हैं कि फ्लिपकार्ट जैसी बड़ी और विश्वसनीय कंपनी की डिलीवरी में ऐसी धोखाधड़ी कैसे हो सकती है। अर्पण ने बताया, "अगर हमने ऑनलाइन पेमेंट कर दी होती, तो हमारा बहुत बड़ा नुकसान हो जाता। हमारी किस्मत अच्छी थी कि हमने कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प चुना था।"
लोगों का कहना है कि अगर इतनी बड़ी कंपनियां इस तरह की धोखाधड़ी कर रही हैं, तो ऑनलाइन खरीदारी पर से भरोसा उठ जाएगा। इस घटना के बाद डिलीवरी बॉय ने ऑर्डर को रद्द करवा दिया और अर्पण के परिवार से कोई पैसा नहीं लिया गया। डिलीवरी बॉय ने कंपनी को भी इस मामले की जानकारी दी, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जाए।
(रिपोर्ट- मुकुल जायसवाल)
ये भी पढ़ें-
बेंगलुरु से आए बेटे के शव की हुई अदला-बदली, परिवार को मिली पराई डेडबॉडी
हिमाचल में कुदरत का कहर, भारी बारिश के चलते 400 सड़कें हुईं बंद, इन मार्गों से टूटा संपर्क