पटना: बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। पटना के मुसल्लहपुर इलाके में चर्चित यूट्यूबर और टीचर खान सर के कैंपस के पास फायरिंग का आरोप लगा है। बताया जा रहा कि करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Related Stories
खान सर का सामने आया बयान
शुरुआती जांच में 2 कोचिंग सेंटर के बीच वर्चस्व की लड़ाई होने की वजह की बात सामने आई है। खान सर ने कहा है कि कुछ लोग चाहते हैं कि इतनी कम फीस लेकर नहीं पढ़ाया जाए। कई राउंड फायरिंग की गई है। मेरे कोचिंग के गार्ड का सिर फट गया है।
खान सर ने कहा कि 10 मिनट में ऐसा लगा कि यहां अफरा-तफरी मच गया। 8 से 10 राउंड फायरिंग हमने देखी है। जब फायरिंग हुई तो हम यहां मौजूद थे। गार्ड को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। लोगों की सोच ये है कि कम फीस में ना पढ़ाया जाए।
खान सर के इस बयान के बाद ये मामला तूल पकड़ सकता है। खान सर देश के प्रसिद्ध टीचर हैं और उनके कैंपस के बाहर फायरिंग की घटना पूरे देश में चर्चा का विषय बनेगी। ऐसे में देखना ये होगा कि पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
कौन हैं खान सर?
खान सर का पूरा नाम फैसल खान है लेकिन वह सोशल मीडिया और छात्र-छात्राओं के बीच खान सर के नाम से ही फेमस हैं। एजुकेशन के क्षेत्र में खान सर ने काफी काम किया है, जिसके लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
छात्रों के हित में वह आंदोलन भी कर चुके हैं और उन्हें ऐसे छात्र-छात्राओं का मसीहा माना जाता है, जिनके पास पढ़ाई के लिए आर्थिक संसाधनों की कमी है। वह कम रुपयों में शिक्षा देने का काम करते हैं। सियासत की दुनिया से लेकर बॉलीवुड तक लोग उन्हें पहचानते हैं और उनके काम की सराहना करते हैं।
खान सर पढ़ाने के अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह यूट्यूब पर बच्चों को अपने देसी स्टाइल में कठिन चीजों को भी आसानी से समझा देते हैं और इसीलिए बच्चे उनके पढ़ाने के स्टाइल को पसंद करते हैं।