1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में वज्रपात से 26 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

बिहार में वज्रपात से 26 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 02, 2020 07:39 pm IST,  Updated : Jul 02, 2020 10:39 pm IST

बिहार के विभिन्न जिलों में वज्रपात से हुई 26 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

बिहार में वज्रपात से 22 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान- India TV Hindi
बिहार में वज्रपात से 22 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने 4-4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान Image Source : PTI

पटना: बिहार के विभिन्न जिलों में वज्रपात से हुई 26 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आकाशीय बिजली गिरने से राज्य के आठ जिलों-समस्तीपुर में सात, पटना में छह, पूर्वी चंपारण में चार, कटिहार में तीन, शिवहर एवं मधेपुरा में दो—दो और पूर्णियाँ एवं पश्चिम चम्पारण जिले में एक—एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। 

जानकारी के मुताबिक जिस समय बिजली गिरी उस वक्त ये लोग अपने काम की वजह से घर से बाहर निकले हुए थे। इसी दौरान अचानक वज्रपात का कहर बरपा और 26 लोगों की जान चली गई। हालांकि वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी।

आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 26 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आपदा की इसघड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को अविलंब चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अपील की कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें। बिहार में इससे पहले आकाशीय बिजली गिरने से 30 जून को पांच जिलों में 11 लोगों और 25 जून को 22 जिलों में 96 लोगों की मौत हो गयी थी । (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।