1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में फिर आसमान से बरसी मौत, बिजली गिरने से 26 लोगों की मौत

बिहार में फिर आसमान से बरसी मौत, बिजली गिरने से 26 लोगों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 02, 2020 05:29 pm IST,  Updated : Jul 02, 2020 10:37 pm IST

बिहार में आज एक बार फिर वज्रपात का कहर बरपा है। विभिन्न जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में 26 लोगों की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE

पटना: बिहार में आज एक बार फिर वज्रपात का कहर बरपा है। विभिन्न जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में 26 लोगों की मौत हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आकाशीय बिजली गिरने से राज्य के आठ जिलों-समस्तीपुर में सात, पटना में छह, पूर्वी चंपारण में चार, कटिहार में तीन, शिवहर एवं मधेपुरा में दो—दो और पूर्णियाँ एवं पश्चिम चम्पारण जिले में एक—एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। 

जानकारी के मुताबिक जिस समय बिजली गिरी उस वक्त ये लोग अपने काम की वजह से घर से बाहर निकले हुए थे। इसी दौरान आंधी और बारिश के साथ ही वज्रपात का कहर बरपा और  26 लोगों की जान चली गई। हालांकि वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी।

बिहार में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 26 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को अविलंब चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अपील की कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।

बिहार में इससे पहले आकाशीय बिजली गिरने से 30 जून को पांच जिलों में 11 लोगों और 25 जून को 22 जिलों में 96 लोगों की मौत हो गयी थी ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।