1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह जेल से रिहा, जेसीबी से बरसे फूल, इतने दिन के लिए मिली पैरोल

बिहार: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह जेल से रिहा, जेसीबी से बरसे फूल, इतने दिन के लिए मिली पैरोल

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 05, 2024 09:25 am IST,  Updated : May 05, 2024 10:23 am IST

मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह को 15 दिन के लिए जेल से रिहा कर दिया गया है। उन्हें पैरोल मिली है। बता दें कि अनंत सिंह लंबे समय से जेल में बंद थे। उनके रिहा होने पर समर्थकों में जोश नजर आ रहा है।

Anant Singh - India TV Hindi
अनंत सिंह Image Source : SCREENGRAB OF VIDEO/INDIA TV

मोकामा: बिहार में लोकसभा चुनाव के दौरान एक और बाहुबली को जेल से रिहा किया गया है। मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह जेल से रिहा हो गए हैं। उन्हें 15 दिन के लिए पैरोल मिली है। अनंत का जगह-जगह उनके समर्थकों द्वारा स्वागत किया जा रहा है और उन्हें फूल-मालाएं पहनाई जा रही हैं। 

खास अंदाज में अपने समर्थकों से मिले अनंत

जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह अपने खास अंदाज में अपने समर्थकों से मिले। इस दौरान उन्होंने अपना काला चश्मा पहना हुआ था। गौरतलब है कि बिहार की राजनीति में अनंत सिंह की छवि एक बाहुबली नेता की रही है। अनंत सिंह करीब 5 सालों से जेल में हैं। उन पर एके 47 रखने का आरोप है, जिसके तहत कोर्ट ने उन्हें 10 साल की सजा सुनाई थी। वह पटना की बेउर जेल में सजा काट रहे हैं। 

उन्होंने न्यायालय से पैरोल मांगी थी, जिसके बाद उन्हें 15 दिन की पैरोल मिल गई। रविवार सुबह ही वह जेल से बाहर आए।

लोकसभा चुनाव से पहले अनंत के रिहा होने की चर्चा

अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह वर्तमान में राजद की विधायक हैं। बिहार में लोकसभा का चुनाव है। चौथे चरण (13 मई) में बिहार के मुंगेर में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। ऐसे में अनंत सिंह के जेल से रिहा होने पर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। 

पैरोल की वजह भी सामने आई 

मिली जानकारी के मुताबिक, अनंत को जमीन बंटवारे के लिए पैरोल दी गई है। राज्य सरकार के गृह मंत्रालय ने अनंत को अपनी पुश्तैनी जमीन जायदात के बंटवारे के लिए 15 दिनों की पैरोल पर रिहा करने का निर्देश दिया है। अनंत सिंह को छोटे सरकार के नाम से भी जाना जाता है। एक समय में वह नीतीश के काफी करीबी थे, बाद में वह लालू के करीबी हो गए। (इनपुट: बाढ़ से विकास कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।