1. Hindi News
  2. बिहार
  3. UKG छात्र का खौफनाक मर्डर: स्कूल संचालक की पत्नी से टीचर का अफेयर, आपत्तिजनक हालत में देखा तो मारकर फांसी पर लटका दिया

UKG छात्र का खौफनाक मर्डर: स्कूल संचालक की पत्नी से टीचर का अफेयर, आपत्तिजनक हालत में देखा तो मारकर फांसी पर लटका दिया

 Published : Jun 11, 2026 08:02 am IST,  Updated : Jun 11, 2026 08:02 am IST

मधेपुरा के प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में UKG छात्र की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्कूल संचालक की पत्नी का एक टीचर से अवैध संबंध था। बच्चे ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।

madhepura ukg student murder case- India TV Hindi
मृतक आनंद प्रेम की फाइल फोटो, आरोपी अंकित कुमार और स्कूल संचालक सुनील कुमार। Image Source : REPORTER INPUT

मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र स्थित जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में 7 जनू को UKG स्टूडेंट की लाश मिली थी। खारी परमानंदपुर के हॉस्टल में 6 वर्षीय छात्र आनंद प्रेम की संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। DSP ने बताया कि स्कूल संचालक की पत्नी और स्कूल के टीचर अंकित कुमार के बीच अवैध संबंध था। पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपी ने किया चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका हॉस्टल संचालक सुनील कुमार की पत्नी अंजली कुमारी के साथ अवैध संबंध था। 6 जून की रात आनंद प्रेम ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और शोर मचाने लगा। इसके बाद अंजली कुमारी के कहने पर अंकित कुमार ने बच्चे का मुंह और नाक दबाकर उसे चुप कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद जब उसने हाथ हटाया तो बच्चा बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की।

आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रस्सी के सहारे लटकाया

सुनील कुमार के सहयोग से शव को छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफल नहीं होने पर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए बच्चे के शव को रस्सी के सहारे लटका दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी अंकित कुमार और हॉस्टल संचालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
Image Source : REPORTER INPUTबच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

फोन पर मिली सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच

DSP चेतनानंद झा ने बताया कि 7 जून को प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे रामानंद यादव के पुत्र आनंद प्रेम (6) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। साथ ही वैज्ञानिक जांच के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर मृतक की मां गुंजन देवी के बयान के आधार पर मुरलीगंज थाना में FIR दर्ज की गई।

न्यायिक हिरासत में दोनों आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नेसार अहमद खान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के कजरा निवासी अंकित कुमार और मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत मरूआहा वार्ड-4 निवासी सुनील कुमार शामिल हैं। दोनों को आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

(रिपोर्ट- मनीष कुमार)

यह भी पढ़ें-

4 बेटियां और कोई बेटा नहीं, गांववालों ने महिला को बताया डायन, खंभे से बांधकर की पिटाई, थाने पहुंची पीड़िता-VIDEO

मुजफ्फरपुर: सामान लेने के बहाने दुकान में घुसे और गोलियों से भून डाला, किराना व्यापारी की बेरहमी से हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।