1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भागलपुर में बड़ा सड़क हादसा, एनएच-31 पर बालू लदा ट्रक घर पर पलटा, 3 की मौत

भागलपुर में बड़ा सड़क हादसा, एनएच-31 पर बालू लदा ट्रक घर पर पलटा, 3 की मौत

 Published : Jul 03, 2026 01:02 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 01:03 pm IST

भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। खगड़िया की ओर से आ रहा बालू से लदा एक अनियंत्रित 10 चक्का ट्रक सड़क किनारे स्थित एक कच्चे मकान पर पलट गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। जानें पूरा मामला।

एनएच-31 पर बालू लदा ट्रक घर पर पलटा, 3 की मौत- India TV Hindi
एनएच-31 पर बालू लदा ट्रक घर पर पलटा, 3 की मौत Image Source : INDIA TV

बिहार के भागलपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नवगछिया अनुमंडल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग 31 (NH-31) पर एक अनियंत्रित और ओवरलोड बालू लदे ट्रक ने कहर बरपाया। यह ट्रक सड़क किनारे बने एक आवासीय घर पर पलट गया। इस भीषण हादसे में मलबे और बालू में दबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है।

क्या है पूरा मामला

नवगछिया के भवानीपुर थाना के सामने बालू लदा एक अनियंत्रित दस चक्का ट्रक सड़क किनारे स्थित कच्चे घर पर पलट गया। हादसे में दो मासूम बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में परिवार के सात से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे खगड़िया की ओर से आ रहा बालू लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर नारायणपुर गांव निवासी भिखारी मलिक के कच्चे घर पर पलट गया। उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य घर में मौजूद थे। ट्रक के मलबे में दबने से छह वर्षीय अंकुश राज और नौ वर्षीय राधा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल इंदु देवी (40) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर से बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच, मायागंज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। 

इतने लोग हुए घायल
घटना में नीरज कुमार (22), गुड्डू मलिक (28), कारे मलिक (14), ममता कुमारी (17), सपना कुमारी (12), मौसम कुमारी (20), सात महीने का प्रीतम कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं। सभी का इलाज जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए नारायणपुर बस स्टैंड के नजदीक एनएच-31 जाम कर दिया। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक के भी ट्रक में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं नवगछिया अनुमंडल प्रशासन ने तीनों मृतकों के परिजनों को आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।

ग्रामीणों का दर्द
स्थानीय ग्रामीण अजय रविदास ने बताया कि मृतक परिवार काफी गरीब है और फूस व तिरपाल के सहारे एनएच किनारे जीवन-यापन कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा मलिक समाज को जो जमीन आवंटित की गई है, वह रहने योग्य नहीं है। वहां सड़क, बिजली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने यह भी कहा कि पसराहा से नवगछिया तक एनएच-31 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और हर महीने कई लोगों की जान चली जाती है।

(रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।