1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मोकामा हत्याकांड: जिस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे दुलारचंद यादव, उसने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर क्या कहा?

मोकामा हत्याकांड: जिस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे दुलारचंद यादव, उसने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर क्या कहा?

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Nov 02, 2025 09:04 am IST,  Updated : Nov 02, 2025 09:09 am IST

बिहार के मोकामा में हुई दुलारचंद यादव की हत्या मामले में जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर मोकामा से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी का बयान सामने आया है। दुलारचंद यादव, पीयूष के लिए ही प्रचार कर रहे थे।

Dularchand Yadav- India TV Hindi
पीयूष प्रियदर्शी, दुलारचंद यादव और अनंत सिंह Image Source : PIYUSH/DULARCHAND/ANANT SINGH/FACEBOOK

मोकामा: बिहार का दुलारचंद यादव हत्याकांड चर्चा में है। इस मामले में आरोपी और मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर मोकामा से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी का बयान सामने आया है। बता दें कि पीयूष प्रियदर्शी वही नेता हैं, जिनके लिए दुलारचंद यादव प्रचार कर रहे थे।

अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर क्या बोले पीयूष प्रियदर्शी?

अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर मोकामा से जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने ANI से टेलीफोन पर बातचीत में कहा, "यह एक अच्छा कदम है, लेकिन अगर वे पहले कार्रवाई करते तो अच्छा होता। आज वह 50 वाहनों के काफिले में घूम रहे थे और चुनाव प्रचार में भी शामिल हुए। जब उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, तो उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए था। लेकिन देर आए दुरुस्त आए। अब महत्वपूर्ण यह है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कैसे करती है। यह उनके परिवार के लिए राहत की बात है।"

अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर क्या बोले SSP?

पटना के SSP कार्तिकेय के शर्मा ने कहा, "30 अक्टूबर को 2 प्रत्याशियों के गुटों में झड़प हो गई। पथराव हुआ, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद एक शव बरामद किया गया। मृतक, 75 वर्षीय दुलारचंद यादव, उसी गांव के निवासी थे जहां यह झड़प हुई थी। दोनों पक्षों ने मामला दर्ज कराया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया और यह एक गंभीर मामला है। यह पाया गया कि यह सब प्रत्याशी अनंत सिंह की मौजूदगी में हुआ, जो इस मामले में मुख्य आरोपी भी हैं। अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके साथी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी उनके साथ गिरफ्तार किया गया है। तीनों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा और उचित जांच की जाएगी।"

पटना के डीएम का भी सामने आया बयान

पटना के डीएम डॉक्टर त्यागराजन एसएम कहते हैं, "घटना को बहुत गंभीरता से लिया गया है। हम पिछले 48 घंटों से दिन-रात कैंप कर रहे हैं। स्थिति अब बिल्कुल सामान्य है। चूंकि यह चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा है, इसलिए हमने हर पहलू से इसकी गहन जांच की है। इसमें शामिल सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कल 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और आज मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमने उन लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है जो चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।