बिहार के मुंगेर जिले से ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। पैसे को एक हफ्ते में डबल करने का झांसा दिया गया। ये घटना जिले के जमालपुर इलाके की है। जहां रेलवे में कार्यरत एक इंजीनियर को वॉट्सएप ग्रुप के जरिए ठगों ने अपना शिकार बनाया। न्यू वेल्थ ग्रुप नाम के इस वॉट्सएप ग्रुप में भारी मुनाफे का झांसा दिया जा रहा था। ग्रुप में दिखाए गए फर्जी वॉलेट में एक करोड़ से ज्यादा का इन्वेस्टमेंट दर्शाया गया, जिससे इंजीनियर भरोसे में आ गया।
अलग-अलग किस्तों में 47 लाख किए इन्वेस्ट
ठगों ने महज एक हफ्ते में पैसा दोगुना करने का लालच दिया। इसी झांसे में आकर इंजीनियर ने अलग-अलग किस्तों में करीब 47 लाख रुपये निवेश कर दिए। हैरानी की बात यह है कि इंजीनियर ने अपने पिता, पत्नी और दोस्तों से भी पैसे लेकर आरटीजीएस के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी।
12 मार्च तक इन्वेस्ट करता रहा पैसा
20 फरवरी को वॉट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के बाद इंजीनियर लगातार 12 मार्च तक पैसे निवेश करता रहा। जब तय समय पर पैसा दोगुना नहीं हुआ और वॉलेट भी सील दिखाने लगा, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस में दर्ज कराया मामला
साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी राकेश कुमार रंजन ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी जांच के जरिए ठगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित ने पहले 17 मार्च को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और फिर 22 मार्च को साइबर थाना में एफआईआर दर्ज कराई।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
एक साथ इतनी बड़ी रकम गंवाने के बाद इंजीनियर मानसिक रूप से काफी परेशान है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लेकिन यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे के लालच में बिना जांच-पड़ताल के निवेश करना कितना खतरनाक हो सकता है।
मोहम्मद इम्तियाज खान की रिपोर्ट