1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुंगेर में बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिरा, चाचा-भतीजे की मौके पर दर्दनाक मौत

मुंगेर में बड़ा हादसा: 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिरा, चाचा-भतीजे की मौके पर दर्दनाक मौत

 Published : Aug 02, 2026 07:55 pm IST,  Updated : Aug 02, 2026 07:55 pm IST

बिहार के मुंगेर में सावन के पावन महीने के बीच बड़ा हादसा हो गया, जब 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

मुंगेर हाईटेंशन तार हादसा,- India TV Hindi
मुंगेर हाईटेंशन तार हादसा Image Source : INDIA TV

बिहार के मुंगेर में सावन के पावन महीने के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार टूटकर गिरने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बिहार पुलिस का जवान और दूसरा रेलवे कर्मचारी था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

घर से बाहर टहलने निकले थे

मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के समीप अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार टूटकर नीचे गिर गया। उसी दौरान घर से बाहर निकले चाचा पंकज और उनके भतीजे अमन उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

बाबा बैद्यनाथ धाम जाने की थी तैयारी

मृतक अमन बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर समस्तीपुर में कार्यरत थे। सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक करने के लिए वे दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे और आज शाम वह बाबा धाम निकलने वाले थे। वहीं उनके चाचा पंकज भारतीय रेलवे में कार्यरत थे। एक ही परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बिजली विभाग पर लगा लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

रतनपुर गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि बिजली विभाग समय पर हाईटेंशन लाइन और ट्रांसफॉर्मर की निगरानी करता, तो शायद दो जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को कब तक राहत मिलती है।

इम्तियाज खान

ये भी पढ़ें-

डेहरी नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, ड्राइवर ने कबूला गुनाह

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले फुल एक्शन में मायावती, पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाला, रणधीर बेनीवाल पर भी कार्रवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।