1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फायरिंग से दहल उठा पटना का ये इलाका, थाने से 300 मीटर की दूरी पर हत्या, अपराधियों ने वकील को गोलियों से भून डाला

फायरिंग से दहल उठा पटना का ये इलाका, थाने से 300 मीटर की दूरी पर हत्या, अपराधियों ने वकील को गोलियों से भून डाला

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 13, 2025 05:09 pm IST,  Updated : Jul 13, 2025 05:42 pm IST

राजधानी पटना में एक और मर्डर हो गया। अपराधियों ने सुल्तानगंज थाने से 300 मीटर की दूरी पर एक वकील को गोलियों से भून दिया।

पटना में मर्डर- India TV Hindi
पटना में मर्डर Image Source : INDIA TV

पटना: बिहार में एक बार फिर खौफ का वातावरण देखने को मिल रहा है। बिजनेसमैन गोपाल खेमका की हत्या के बाद एक-एक कर रोज गोलीबारी और हत्या की घटनाएं सामने आ रही है। ताजा घटना में अपराधियों ने पटना के सुल्तानगंज थाना से केवल 300 मीटर की दूरी पर एक वकील को गोलियों से भून दिया। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

गोली मारकर भागे अपराधी

घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना पटना के सुल्तानगंज थाने को दी। सूचना मिलते ही पटना के सुल्तानगंज  थाना प्रभारी और पटना सिटी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अतुलेश झा और पटना सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार  मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

मृतक पेशे से वकील

घटना की पुष्टि करते हुए पटना के सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी जिस पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि एफएसएल के माध्यम से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया की घटना के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरा को भी खंगाल रही है। 

Patna murder
Image Source : INDIA TVपटना में वकील की हत्या, इनसेट में मृतक की तस्वीर

चाय पीने के दौरान मारी गोली

बताया जाता है कि मृतक जितेंद्र कुमार चाय पीने के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। फिर गोली लगने से जख्मी शख्स को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। 

हाल के दिनों में पटना में हत्या की घटनाएं बढ़ गई हैं जिससे शहर में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं।

पटना में हाल में हुई हत्या की घटनाएं

  1. 11 जुलाई 2025: पटना के रामकृष्ण नगर के जकरियापुर इलाके में अज्ञात हमलावरों ने तृष्णा मार्ट के मालिक विक्रम झा की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार रात हुई और उसी दिन बिहार में दो अन्य गोलीबारी की घटनाओं के बाद हुई, जिसमें एक पटना के वेटनरी कॉलेज में छात्र और मुजफ्फरपुर में एक व्यापारी को गोली लगी।
  2. 10 जुलाई 2025: रानी तालाब इलाके में बालू कारोबारी रमाकांत यादव को उनकेKउनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना भी व्यापारियों को निशाना बनाए जाने की श्रृंखला में शामिल है।
  3. 6 जुलाई 2025:  प्राइवेट स्कूल संचालक 50 वर्षीय अजीत कुमार की डीएवी स्कूल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई।
  4. 4 जुलाई 2025: मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका की पटना के गांधी मैदान के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने व्यापारियों में दहशत फैला दी। पुलिस ने खुलासा किया कि यह हत्या बिल्डर अशोक साव ने सुपारी देकर करवाई थी, जिसके पीछे कारोबारी विवाद था।
  5. जून 2025: आलमगंज में अपराधियों ने एक घर में घुसकर मां-बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ। यह घटना दिनदहाड़े हुई और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
  6. जून 2025: पाटलिपुत्र के मैनपुरा में दो लोगों पर गोलीबारी की गई, जिसमें राजा नामक व्यक्ति की मौत हो गई और जीतेंद्र घायल हुआ। मृतक सुरक्षा गार्ड था और दोनों पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुके थे।
  7. 8 मार्च 2025: बेऊर थाना क्षेत्र में रिशु कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हत्या पैसे के लेन-देन और पुरानी रंजिश के कारण हुई।

रिपोर्ट-बिट्टू कुमार, पटना

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।