1. Hindi News
  2. बिहार
  3. रातभर बारात का इंतजार करते रहे लड़कीवाले, लड़केवाले पहुंच गए कहीं और फिर शुरू हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

रातभर बारात का इंतजार करते रहे लड़कीवाले, लड़केवाले पहुंच गए कहीं और फिर शुरू हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 18, 2025 07:24 pm IST,  Updated : Jun 18, 2025 07:47 pm IST

तय जगह पर नहीं पहुंची बारात तो लड़की वालों ने अगुआ को बंधक बना लिया। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो थाने में दोनों पक्षों के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा चला।

दूल्हा-दुल्हन की मंदिर में हुई शादी- India TV Hindi
दूल्हा-दुल्हन की मंदिर में हुई शादी

बिहार के मुजफ्फरपुर में शादी के लिए तय जगह को लेकर लड़का पक्ष और लड़की पक्ष के बीच ऐसी गलतफहमी हुई कि बारात आने के इंतजार में पूरी रात गुजर गई। जब पूरी रात इंतजार के बाद भी बारात नहीं पहुंची, तो सुबह होते ही दुल्हन पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। यह मामला मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र के मैदापुर पंचायत के काशीरामपुर गांव का है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, कटरा थाना क्षेत्र के शिवदासपुर गांव की कंचन कुमारी की शादी समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र के भेरोखरा गांव निवासी पंकज शर्मा से 16 जून को तय थी। शादी के लिए काशीरामपुर में बारात का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन दूल्हा और बारात नहीं पहुंचे। देर रात तक फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन लड़का पक्ष नहीं आया। इससे वधू पक्ष के घर में मायूसी छा गई।

अगुआ बनी बंधक, पुलिस की हुई एंट्री

जब बारात नहीं आई, तो शादी की अगुवाई कर रही अनीता शर्मा और लड़के की बहन शोभा देवी को दरवाजे पर बुलाया गया। आते ही वधू पक्ष के लोगों ने दोनों को बंधक बना लिया। पूछताछ के बाद डायल 112 पुलिस टीम को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने तीन घंटे तक वर पक्ष से संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने अगुआ की गाड़ी भी जब्त कर ली।

थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा और पुलिस की पहल

इसके बाद लड़की पक्ष के सभी लोग बोचहां थाना पहुंचे। थाने में दोनों पक्षों के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा चला और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। बोचहां थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को फटकार लगाई। उनकी पहल पर लड़का पक्ष, दूल्हे पंकज शर्मा के साथ थाने पहुंचा।

मंदिर में हुई शादी

थानाध्यक्ष की पहल पर, थाने के पास स्थित प्रखंड परिसर के मां दुर्गा मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी संपन्न करवाई गई।

शादी स्थल को लेकर गलतफहमी

लड़की के मामा रवींद्र शर्मा ने बताया कि शादी 16 जून को तय थी, लेकिन देर रात तक बारात नहीं आई। वहीं, लड़के के पिता उमाकांत शर्मा ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण मंदिर में शादी तय हुई थी। उन्होंने बताया कि बारात को ताजपुर से सकरा रेलवे गुमटी पर स्थित दुर्गा मंदिर में आना था, जबकि लड़की पक्ष वाले मैदापुर के बगल में सरफुद्दीनपुर स्थित मंदिर में बारात का इंतजार करते रह गए। इसी गलतफहमी के कारण शादी तय समय पर नहीं हो पाई। पुलिस की पहल पर मंदिर में शादी हुई।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

VIDEO: युवक ने पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई, आशीर्वाद देते हुए कहा- "जाओ, जहां भी रहो, खुश रहो"

हनीमून हत्याकांड: सोनम ने कहां छुपाए हैं राजा रघुवंशी के गहने? पुलिस ने बताया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।