1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर: प्रेमी ने लाकर दिया जहर, महिला ने ससुर को खिलाया, फिर पति के साथ पहुंची थाने, किए हैरान करने वाले खुलासे

मुजफ्फरपुर: प्रेमी ने लाकर दिया जहर, महिला ने ससुर को खिलाया, फिर पति के साथ पहुंची थाने, किए हैरान करने वाले खुलासे

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 23, 2025 04:42 pm IST,  Updated : Mar 23, 2025 04:42 pm IST

बहू ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपना जुर्म कबूला। महिला ने कहा कि प्रेमी के धमकाने पर उसने अपने ससुर को जहर देकर मार दिया। घटना के बाद पुलिस ने बहू को गिरफ्तार कर लिया है।

muzaffarpur- India TV Hindi
न्याय की मांग करते परिजन Image Source : INDIA TV

मुजफ्फरपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बहू प्रेमी के प्यार में इस कदर पागल हो गई कि उसने प्रेमी के कहने पर ससुर को मौत की नींद सुला दी। हालांकि, ससुर की मौत के बाद उसे गलती का एहसास हुआ और उसने खुद थाने जाकर अपना गुनाह कबूल कर लिया। करजा थाना क्षेत्र के एक गांव के दर्जनों लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उनके साथ एक महिला भी आई थी। महिला ने पुलिसकर्मियों के सामने अपना जुर्म कबूलते हुए कहा कि उसने ही प्रेमी के धमकाने पर अपने ससुर को जहर देकर मार डाला है। 

महिला ने बताया कि उसका प्रेमी अब पति की हत्या करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के पति ने एसएसपी के नाम से लिखे आवेदन में बताया है कि उसकी पत्नी का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक युवक से चल रहा था। प्रेमी काफी दबंग परिवार से है। वह कई बार उसको और उसके पिता को धमकी दे चुका था। 28 दिसंबर 2024 की रात में उसने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके घर पर हमला भी किया था। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी। इसके बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

प्रेमी ने दिया जहर, प्रेमिका ने ससुर को खिलाया

पीड़ित पति ने शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी के प्रेमी ने उसे जहर लाकर दिया। इसके बाद उसकी पत्नी ने 23 फरवरी 2025 को खाने में जहर मिलाकर उसके पिता को खिला दिया और पिता की मौत हो गई। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गांव में सामाजिक बैठक में भी उसकी पत्नी ने स्वीकार किया था कि उसके प्रेमी ने जहर लाकर दिया था। प्रेमी बार-बार धमकी देता था और पति या ससुर की हत्या करने के लिए कहता था। वह पति को भी धमकी देता है। कई बार ससुर और पति के साथ मारपीट की। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी महिला ने क्या बताया? 

एसएसपी कार्यालय में मृतक का बेटा और ग्रामीण पहुंचे थे, जिन्होंने कहा के आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की जाए। अपने कबूल नामे में आरोपी पत्नी सोनी कुमारी ने कहा कि गांव के ही एक युवक से उसका प्रेम संबंध था। प्रेमी ने उसे बात करने के लिए मोबाइल खरीद कर दिया था। ससुर की हत्या करने के लिए प्रेमी ने जहर लाकर दिया था, जिसे उसने  खाना में रखकर खिला दिया। मृतक के पुत्र पंकज कुमार ने सोनी कुमारी के प्रेमी राणा पासवान समेत पांच लोगो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतक के पुत्र संजय असम में गाड़ी चलाने का काम करता है घर पर उसकी पत्नी और पिता रहते थे।

पुलिस का बयान

ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि करजा के गोपालपुर का मामला है। महिला ने ससुर को जहर खिला दिया था। यह भी सन्देहास्पद है। पूर्व मुखिया के साथ आरोपी महिला एसपी कार्यालय आयी थी। उसने बताया कि राणा पासवान के कहने पर ससुर को जहर दे दिया था। महिला से काफी पूछताछ की गई है। खुद महिला स्वीकार कर रही है। इसलिए महिला को जेल भेजा जाएगा। प्रेमी राणा पासवान फरार है। ससुर अपने बहु के कारनामे से काफी दुखी था। जब तक केस का सुपरविजन नहीं हो जाता, तब तक घटना के बारे में स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है।

(मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।