1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'मोदी और शाह चला रहे बिहार सरकार', तेजस्वी ने बीजेपी पर नीतीश को ‘हाईजैक’ करने का लगाया आरोप

'मोदी और शाह चला रहे बिहार सरकार', तेजस्वी ने बीजेपी पर नीतीश को ‘हाईजैक’ करने का लगाया आरोप

 Published : Sep 24, 2025 11:31 pm IST,  Updated : Sep 24, 2025 11:31 pm IST

पटना में आयोजित ‘अति पिछड़ा न्याय संकल्प’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया, ‘‘बिहार के मुख्यमंत्री होश में नहीं हैं। उन्हें भाजपा ने अपने हाईजैक कर लिया है। सरकार असल में दो लोग मोदी और शाह भ्रष्ट अधिकारियों की मदद से चला रहे हैं।’’

Tejashwi yadav, RJD- India TV Hindi
तेजस्वी यादव, आरजेडी Image Source : PTI

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव की अगर माने तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारतीय जनता पार्टी ने हाईजैक कर लिया है और राज्य की सरकार भी नरेंद्र मोदी और अमित शाह ही चला रहे हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘‘हाईजैक’’ कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘भ्रष्ट’ अधिकारियों की मदद से चला रहे हैं। 

मुख्यमंत्री होश में नहीं हैं-तेजस्वी

पटना में आयोजित ‘अति पिछड़ा न्याय संकल्प’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने आरोप लगाया, ‘‘बिहार के मुख्यमंत्री होश में नहीं हैं। उन्हें भाजपा ने अपने हाईजैक कर लिया है। सरकार असल में दो लोग मोदी और शाह भ्रष्ट अधिकारियों की मदद से चला रहे हैं।’’ तेजस्वी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास बिहार के विकास के लिए कोई ठोस और मौलिक योजना या दूरदृष्टि नहीं है। उन्होंने कुमार पर कई मौकों पर उनकी विकास योजनाओं की 'नकल' करने का आरोप लगाया। 

आरक्षण बढ़ाने की मांग

राजद नेता ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 65 प्रतिशत करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा, ‘‘महागठबंधन की पिछली सरकार ने जातीय सर्वेक्षण के आधार पर सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में वंचित वर्गों के लिए आरक्षण की सीमा 50 से बढ़ाकर 65 प्रतिशत कर दी थी, जिससे कुल आरक्षण 75 प्रतिशत तक हो गया। लेकिन भाजपा और जद(यू) के कारण यह मामला कानूनी दांवपेंच में फंस गया।’’ 

बीजेपी और जेडीयू को कहा आरक्षण चोर

तेजस्वी ने भाजपा और जद(यू) नेताओं पर सामाजिक न्याय के प्रयासों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए उन्हें ‘‘आरक्षण चोर’’ कहा। उनके इस आरोप के बाद सभागार में मौजूद लोगों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए और ‘‘आरक्षण चोर’’ का नया नारा उछाला। इस पर तेजस्वी ने मुस्कराते हुए कहा, ‘‘सुझाव के लिए धन्यवाद।’’ उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई अब अगले चरण में प्रवेश करेगी। तेजस्वी ने कहा, ‘‘मंडल आयोग की कई सिफारिशें अभी तक लागू नहीं हुई हैं। महागठबंधन की सरकार बनी तो उसकी सभी सिफारिशों को लागू किया जाएगा।’’

नीतीश ने अति पिछड़ा वर्ग के साथ किया धोखा-मंडल

राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने भी तेजस्वी के ही स्वर में नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘सामाजिक न्याय के नाम पर नीतीश कुमार ने अति पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ धोखा किया है। वे बड़े झूठे हैं।’’ उन्होंने मुख्यमंत्री की तुलना महाभारत के पात्र ‘शिखंडी’ से करते हुए कहा कि जनता आगामी विधानसभा चुनावों में उन्हें सबक सिखाएगी और राज्य से राजग सरकार को बाहर कर देगी। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।