हाजीपुर: बिहार के वैशाली जिले में एक पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक शख्स के घायल होने की भी खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैशाली के जंदाहा थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने पूर्व सरपंच व व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि इस घटना में व्यवसायी के चाचा भी घायल हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक का गांव में ही जमीनी विवाद जल रहा था।
Related Stories
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात डीहबिचैली गांव निवासी ऋषिकेश कुमार के घर पर अपराधियों ने धावा बोलकर पहले बम से हमला किया और उसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में गोली लगने से ऋषिकेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक एक वॉटर प्लांट के मालिक और पूर्व सरपंच थे।
वैशाली जिला के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो ने प्रथमदृष्टया इस घटना के पीछे भूमि विवाद की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश का गांव के ही एक परिवार से भूमि विवाद चल रहा था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, मृतक के परिजन इस हमले को नक्सली घटना बता रहे हैं।