1. Hindi News
  2. बिहार
  3. एनआईए को मिली बड़ी सफलता, 10 लाख के इनामी खालिस्तानी आतंकवादी को बिहार से किया गिरफ्तार

एनआईए को मिली बड़ी सफलता, 10 लाख के इनामी खालिस्तानी आतंकवादी को बिहार से किया गिरफ्तार

 Published : May 11, 2025 11:28 pm IST,  Updated : May 11, 2025 11:28 pm IST

यह सफलता तब मिली जब एनआईए ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर खालिस्तानी आतंकवादी साजिश के एक मामले में पंजाब के लुधियाना निवासी कश्मीर सिंह गलवाड्डी को बिहार के मोतिहारी से पकड़ लिया।

NIA- India TV Hindi
एनआईए Image Source : FILE

मोतिहारी:  राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने रविवार को एक प्रमुख खालिस्तानी आतंकवादी को बिहार से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया आतंकी विदेशी बब्बर खालसा आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ ​​रिंदा से जुड़ा था। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। गिरफ्तार आतंकी का नाम कश्मीर सिंह गलवाड्डी है और वह 2016 में नाभा जेल ब्रेक के दौरान भागने वाले दुर्दांत अपराधियों में से एक था।

लुधियाना निवासी कश्मीर सिंह गलवाड्डी गिरफ्तार

बयान में कहा गया कि यह सफलता तब मिली जब एनआईए ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर खालिस्तानी आतंकवादी साजिश के एक मामले में पंजाब के लुधियाना निवासी कश्मीर सिंह गलवाड्डी को बिहार के मोतिहारी से पकड़ लिया। इसमें कहा गया है कि कश्मीर सिंह नाभा जेल से भागने के बाद से रिंदा सहित घोषित खालिस्तानी आतंकवादियों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था। 

दिल्ली में एनआईए की विशेष अदालत ने 2022 के आतंकी साजिश मामले में कश्मीर सिंह को भगोड़ा अपराधी घोषित किया था और पिछले कुछ वर्षों में उसके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए थे। एनआईए ने उसकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को 10 लाख रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया था। 

क्या था नाभा जेल ब्रेक

नाभा जेल ब्रेक 27 नवंबर 2016 को पंजाब के पटियाला जिले में स्थित नाभा हाई-सिक्योरिटी जेल में हुई एक सनसनीखेज घटना थी, जिसमें 10 हथियारबंद हमलावरों ने जेल पर हमला कर छह खतरनाक कैदियों को मुक्त करा लिया। यह भारत में जेल सुरक्षा के इतिहास में एक बड़ी चूक मानी जाती है।

नाभा जेल ब्रेक घटना का विवरण

  1. सुबह करीब 9 बजे, पुलिस की वर्दी में सशस्त्र हमलावरों ने नाभा जेल पर धावा बोला।
  2. उन्होंने जेल के गार्ड्स पर गोलीबारी की, ग्रेनेड फेंके, और मुख्य द्वार को तोड़कर प्रवेश किया।
  3. हमलावरों ने जेल के सुरक्षा सिस्टम को आसानी से भेद दिया और कैदियों को लेकर फरार हो गए।

फरार कैदी

  1. हरमिंदर सिंह मिंटू: खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) का प्रमुख, आतंकवादी गतिविधियों में शामिल।
  2. कश्मीर सिंह गलवड्डी: खालिस्तानी आतंकी, बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा।
  3. गुरप्रीत सिंह, अमनदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह: गैंगस्टर और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त।
  4. रमनजीत सिंह (रोमी): नाभा जेल ब्रेक का मुख्य साजिशकर्ता, ISI और KLF से संबंध।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।