1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार को बड़ा तोहफा देने जा रहे नीतीश, 100 यूनिट तक बिजली माफ करने की तैयारी; वित्त विभाग से मिली मंजूरी

बिहार को बड़ा तोहफा देने जा रहे नीतीश, 100 यूनिट तक बिजली माफ करने की तैयारी; वित्त विभाग से मिली मंजूरी

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 12, 2025 02:12 pm IST,  Updated : Jul 12, 2025 02:17 pm IST

बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार की सरकार जनता को बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर रही है। दरअसल, बिहार में 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त करने की योजना पर काम चल रहा है। वित्त विभाग ने इस योजना को मंजूरी भी दे दी है।

बिहार में मुफ्त मिलेगी 100 यूनिट बिजली।- India TV Hindi
बिहार में मुफ्त मिलेगी 100 यूनिट बिजली। Image Source : FILE

पटना: बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले सभी दलों के द्वारा तैयारी की जा रही है। वहीं चुनाव से पहले नीतीश सरकार जनता को कई बड़े तोहफे दे रही है। इसी क्रम में अब बिहार की जनता को 100 यूनिट कर बिजली भी मुफ्त मिलने जा रही है। नीतीश सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव को पास करने वाली है। दरअसल, ऊर्जा विभान ने प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे वित्त विभाग से मंजूरी भी मिल गई है। वहीं अब कैबिनेट से स्वीकृति बाकी है। कैबिनेट से स्वीकृति मिलते ही यह योजना लागू हो जाएगी। 

100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की तैयारी

दरअसल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन की रकम में बढ़ोतरी के बाद अब बिहार सरकार चुनावी साल में 100 यूनिट प्रति परिवार मुफ्त बिजली देने की योजना बना रही है। ऊर्जा विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है, जिस पर वित्त विभाग ने अपनी सहमति दे भी दी है। मंगलवार को कैबिनेट से स्वीकृति के बाद यह योजना लागू हो सकती है। इस योजना के तहत घरेलू उपयोग के लिए प्रति परिवार 100 यूनिट तक बिजली नि:शुल्क मिलेगी। इससे अधिक बिजली का उपयोग करने पर ही उपभोक्ताओं को पैसे देने होंगे। सूत्रों के अनुसार कृषि क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी बिजली पर कुछ और रियायत देने की योजना पर भी सरकार विचार कर रही है। बता दें कि बिहार में शहरी क्षेत्र में अभी बिजली की दर प्रति यूनिट 7.57 रुपये है।

खाते में भेजी सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि

बता दें कि इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 11 जुलाई को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की किस्त लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर की। इस योजना के तहत 1227.27 करोड़ रुपये 1.11 करोड़ लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी के जरिए भेजे गए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पहले प्रतिमाह 400 रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1100 रुपये कर दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। इस फिल्म में पेंशन योजना के लाभार्थियों की कहानी बताई गई, जिनका जीवन इससे आसान हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।