1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना की महिला टीचर के मर्डर केस का खुलासा, करीब 10 साल पुराने प्रेम संबंध का हुआ खूनी अंत, 3 घंटे शव के पास बैठा रहा आरोपी

पटना की महिला टीचर के मर्डर केस का खुलासा, करीब 10 साल पुराने प्रेम संबंध का हुआ खूनी अंत, 3 घंटे शव के पास बैठा रहा आरोपी

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 12, 2026 06:51 am IST,  Updated : Sep 12, 2026 06:51 am IST

पटना में शिक्षिका लक्ष्मी देवी हत्याकांड का खुलासा हो गया है और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में 10 साल पुराने प्रेम संबंध का खूनी अंत सामने आया है।

Patna- India TV Hindi
शिक्षिका लक्ष्मी देवी हत्याकांड का खुलासा Image Source : REPORTER INPUT

पटना: बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी में शिक्षिका लक्ष्मी देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, करीब 10 साल पुराने प्रेम संबंध का अंत खूनी वारदात में हुआ। दूसरे शिक्षक को घर में देखकर आरोपी मंटू कुमार कथित तौर पर इतना नाराज हो गया कि उसने शिक्षिका पर खंती जैसे धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी करीब तीन घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कैलू बीघा गांव का है। 2 सितंबर को शिक्षिका लक्ष्मी देवी का शव उनके घर से खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतका के परिजनों ने अपने आवेदन में घर पर आने-जाने वाले लोगों का भी जिक्र किया था। जांच के शुरुआती दौर में स्कूल के सहकर्मी शिक्षक बृजेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो मंटू कुमार की भूमिका सामने आई। 

पुलिस के अनुसार, मंटू करीब 10 वर्षों से लक्ष्मी देवी के संपर्क में था। बताया गया कि किशोर अवस्था में पढ़ाई के दौरान लक्ष्मी देवी से उसकी जान-पहचान हुई थी, जो बाद में कथित तौर पर नजदीकी रिश्ते में बदल गई।

पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर की रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर मंटू लक्ष्मी देवी के घर पहुंचा। उस वक्त स्कूल के सहकर्मी शिक्षक बृजेश कुमार भी वहां मौजूद थे। बृजेश ने लक्ष्मी देवी के साथ खाना खाया, चाय पी और कुछ देर बातचीत की। उनके जाने के बाद मंटू ने जब उन्हें घर में देखा तो कथित तौर पर भड़क गया।

आरोप है कि गुस्से में मंटू ने घर में रखे खंती जैसे धारदार हथियार से लक्ष्मी देवी पर हमला कर दिया। हत्या के बाद उसने हथियार को घर की सीढ़ी के नीचे छिपा दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर रात करीब एक बजे वहां से फरार हो गया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना के समय पहनी गई सफेद शर्ट भी बरामद 

शुक्रवार को पुलिस ने मंटू कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना के समय पहनी गई सफेद शर्ट भी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, शिक्षिका हत्याकांड का खुलासा कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मामले में पटना सिटी एसपी पूर्वी शैलजा का बयान भी सामने आया है।

इससे पहले बिहार के चर्चित EO हत्याकांड की गुत्थी उलझी थी और आरोपी चालक की पत्नी ने कहा था कि पुलिस के टॉर्चर से बयान बदला। इसके बाद खबर सामने आई थी कि SIT इस मामले की जांच करेगी। (रिपोर्ट- पटना से बिट्टू कुमार)

ये भी पढ़ें-

बगहा में पूर्व प्रमुख छोटेलाल यादव हत्याकांड का खुलासा, पत्नी को आपत्तिजनक हालत में देख पति ने कर दी हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।