1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना-गया रेल खंड में 25 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन तारों को ले उड़े चोर, 3 घंटे ठप रही ट्रेनों की आवाजाही

पटना-गया रेल खंड में 25 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन तारों को ले उड़े चोर, 3 घंटे ठप रही ट्रेनों की आवाजाही

 Published : Jul 09, 2026 11:35 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 11:35 am IST

जहानाबाद में पटना-गया रेल खंड में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने 25 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन तार चुरा लिया, जिससे रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। इस चोरी से करीब ​3 घंटे तक ट्रेनों का आना जाना ठप रहा। पलामू और हटिया-पटना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेन घंटों फंसी रहीं।

ट्रेन के तार चोरी का मामला- India TV Hindi
ट्रेन के तार चोरी का मामला Image Source : INDIA TV

बिहार के जहानाबाद से बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पटना-गया रेल खंड पर चोरों ने आरपीएफ और जीआरपी पुलिस की नाक के नीचे से 25 हजार वोल्ट के करीब 35 मीटर ओवरहेड हाई-टेंशन तार काट लिया। इस घटना से पूरे रेल महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला पटना गया रेल खंड के मदारपुर रेलवे गुमटी के पास की है। इस चोरी की वारदात से डाउन लाइन पर करीब 3 घंटे तक ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा, जिससे यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि देर रात पुलिस की गश्त न होने का फायदा उठाकर चोरों ने मदारपुर रेलवे गुमटी के पास चोरी की इस घटना को अंजाम दिया। चोरों ने जैसे ही लार्ज स्पिन वायर को काटा, दानापुर रेल मंडल का सिग्नल सिस्टम और ओएचई लाइन फेल हो गई। आनन-फानन में ईसीआर की तकनीकी टीम और आरपीएफ मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि आरपीएफ ने तत्परता दिखाते हुए पास के ही एक पईन से कटे हुए वायर को बरामद कर लिया है। 

रेलवे के हाई वोल्टेज तारों को ले उड़े चोर 

टेक्नीशियन की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वायर को बदला और मरम्मत कार्य पूरा कर परिचालन को दोबारा बहाल कराया। लेकिन इस बीच, डाउन लाइन घंटों बाधित होने की वजह से पलामू एक्सप्रेस और हटिया-पटना एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें जहां तहां खड़ी रहीं। इससे यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं रेलवे की ओर से जल्दी से जल्दी इसे ठीक करने की कोशिश की गई और कई तकनीशियनों को इस काम में लगाया गया। 

फिलहाल पुलिस इस मामले में इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि चोरों के इस गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। सीनियर टेक्नीशियन ने बताया कि तकरीबन 3:30 बजे के बाद चोरों ने लार्ज स्पिन वायर को काट दिया था, जिसकी सूचना हमें दानापुर रेल मंडल से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लार्ज स्पिन वायर को ठीक कर परिचालन को सामान्य कराया गया। लेकिन वायर चोरी होने के कारण करीब 3 घंटे तक डाउन लाइन पर ट्रेनों का आना जाना बाधित रहा, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। 

इनपुट: मुकेश (जहानाबाद)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।