1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नेपाल में तबाही के बाद बिहार को खतरा? गृह मंत्री अमित शाह ने की सम्राट चौधरी से बात, CM ने अधिकारियों को जारी किए निर्देश

नेपाल में तबाही के बाद बिहार को खतरा? गृह मंत्री अमित शाह ने की सम्राट चौधरी से बात, CM ने अधिकारियों को जारी किए निर्देश

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 26, 2026 04:24 pm IST,  Updated : Aug 26, 2026 04:43 pm IST

नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार भी अलर्ट मोड पर है। गृह मंत्री अमित शाह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बात की है। वहीं, सीएम सम्राट चौधरी ने एक हाई-लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की है और नेपाल से बिहार में बाढ़ का पानी आने की आशंका को देखते हुए संबंधित जिलों में खास सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

nepal flash flood alert in bihar- India TV Hindi
नेपाल में तबाही के बाद बिहार में अलर्ट। Image Source : PTI

नेपाल के रसुवा इलाके में बुधवार को अचानक आई बाढ़ में बड़ी तबाही हुई है। अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है और विदेशी पर्यटकों सेमत 350 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल में मूसलाधार बारिश और ग्लेशियर फटने से बिहार में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इस स्थिति को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बात की है। गृह मंत्री ने संभावित संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए NDRF को मोबिलाइज किया जा रहा है।

सीएम सम्राट चौधरी ने दिए सख्त निर्देश

नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। एक हाई-लेवल मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्थिति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। सभी तटबंधों की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनकी निगरानी, बांधों और तटबंधों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। 

मुख्य बिंदु :-

  • नेपाल में आई बाढ़ के पानी के बिहार पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित जिलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश। जिलों के अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रखें।
  • सभी तटबंधों की लगातार निगरानी करते हुए उनकी मजबूती एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें। बांध एवं तटबंधों पर दिन-रात निगरानी रखने तथा रात में विशेष रूप से नाइट पेट्रोलिंग कराने का निर्देश।
  • संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में लाउडस्पीकर / माइक के माध्यम से लोगों को लगातार आवश्यक सूचना एवं चेतावनी देने का निर्देश।
  • किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एन०डी०आर०एफ० और एस०डी०आर०एफ० की टीमें तैनात कर दी गई हैं।
  •  मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प' सभागार में नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति तथा गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने बिहार के संबंधित जिलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए बिहार में संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए। विशेषकर गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ के कारण आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा संभावित प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
  • मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी तटबंधों एवं बांधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी लगातार निगरानी की जाए। तटबंधों की मजबूती सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसी भी कमजोर हिस्से पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने बांधों एवं तटबंधों पर रात में भी विशेष नाइट पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर/माइक के माध्यम से लोगों को लगातार आवश्यक सूचना एवं संभावित खतरे की चेतावनी दी जाए ताकि समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एन०डी०आर०एफ० एवं एस०डी०आर०एफ० की टीमें तैनात रखें। संबंधित जिला प्रशासन इन टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।
  • मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थिति पर सतत् निगरानी रखी जाए तथा प्रशासनिक एवं तकनीकी टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें। किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

105 भारतीय पर्यटक लापता

नेपाल टूरिज्म बोर्ड ने जानकारी दी है कि देश में बुधवार को सुबह आए सैलाब में 291 विदेशी नागरिक लापता है जिनमें कम से कम 105 भारतीय पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा 93 नेपाली नागरिकों के भी लापता होने की खबर सामने आई है। नेपाल सेना और उनके हेलीकॉप्टर रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में लगे हुए हैं। नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने भी इमरजेंसी बैठक बुलाई है।

ये भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ ने मचाई भीषण तबाही, गांव-पुल-गाड़ियां सब बह गए, VIDEOS में कैद हुआ डरावना मंजर

तिब्बत से आई विनाशकारी बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही, 1000 लोगों के बहने की आशंका, 16 की मौत-VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।