1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गया में भीषण सड़क हादसा, 2 लोग जिंदा जलकर मरे, कार और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग

गया में भीषण सड़क हादसा, 2 लोग जिंदा जलकर मरे, कार और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग

 Published : Jul 09, 2026 10:52 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 11:05 am IST

गया में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। तेज रफ्तारा कार और ट्रक से भिड़ गई, जिसमें ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। कार के अंदर बैठे लोगों की मौत हो गई।

एक्सीडेंट के बाद कार में लगी आग, 2 लोग जिंदा जले - India TV Hindi
एक्सीडेंट के बाद कार में लगी आग, 2 लोग जिंदा जले Image Source : INDIA TV

बिहार के गया जिले में बुधवार की देर रात करीब 1.30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया है। घटना बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास डोभी-पटना फोरलेन पर हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।

कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आग तेजी से फैलने के कारण दो लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल ड्राइवर का अस्पताल में इलाज जारी है।

ट्रक और कार की टक्कर में 2 लोगों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने कार से दो जले हुए शव बरामद किए हैं, जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ANMMCH भेज दिया गया है। पुलिस को घटनास्थल से कार के अंदर शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं। पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है कि कहीं कार में बैठे लोग नशे में तो नहीं थे, जिसकी वजह से उन्हें तुरंत निकलने में मुश्किल आई हो और जलकर उनकी मौत हो गई।

एक्सीडेंट के बाद आग का गोला बन गई कार

आपको बता दें कि खाद से लदा एक दस चक्का ट्रक सर्विस लेन की ओर से विपरीत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था, तभी तेज रफ्तार कार उससे टकरा गई। एक्सीडेंट के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। इस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं सकी, लेकिन इस बारे में ड्राइवर से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद मौके पर काफी लोग पहुंच गए और उन्होंने आग बुझाने में मदद की। कार पूरी तरह से आग से जलकर खाक हो चुकी है।

इनपुट: अजीत कुमार, (गया) 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।