1. Hindi News
  2. बिहार
  3. PM मोदी की मधुबनी रैली की तैयारियां जोरों पर, 24 अप्रैल को डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी रद्द

PM मोदी की मधुबनी रैली की तैयारियां जोरों पर, 24 अप्रैल को डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी रद्द

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Apr 14, 2025 08:41 am IST,  Updated : Apr 14, 2025 08:41 am IST

पीएम मोदी के 24 अप्रैल के कार्यक्रम की तैयारी पार्टी लेवल से लेकर प्रशासनिक स्तर तक जोर-शोर से की जा रही है। बिहार सरकार का स्वास्थ्य महकमा भी इस ऐतिहासिक सभा की तैयारी में जुटा हुआ है।

health workers- India TV Hindi
स्वास्थ्य कर्मी Image Source : FILE PHOTO

बिहार में पंचायती राज दिवस के अवसर पर 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मधुबनी में सभा होनी है। जिले के झंझारपुर स्थित विदेश्वर में 24 अप्रैल को पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित जनसभा को लेकर एनडीए कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं। बिहार सरकार का स्वास्थ्य महकमा भी इस ऐतिहासिक सभा की तैयारी में जुटा हुआ है। जिले में इस दिन सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है।

बता दें कि 24 अप्रैल का दिन साल 1993 में संविधान के 73वें संशोधन के लागू होने की याद दिलाता है। इस दिन को पंचायती राज व्यवस्था का राष्ट्रीय दिवस माना जाता है। पंचायती राज मंत्रालय इस दिन को बड़े उत्साह से मनाता है। 

DM के निर्देश पर तैयारी में जुटे स्वास्थ्यकर्मी

पीएम मोदी की सभा को लेकर DM अरविंद कुमार वर्मा के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉक्टर हरेंद्र कुमार लगातार डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ प्रधानमंत्री की सभा को लेकर तैयारी में जुटे हैं। विभिन्न विभागों के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम के साथ चुस्त-दुरुस्त स्वास्थ्य कर्मियों की सूची भी बनाई गई है।

100 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम बनाकर 15 मेडिकल कैंप को तैयार रखा गया है। इन मेडिकल कैंप को एंबुलेंस, हैट्रिटमेंट सहित विभिन्न प्रकार की अत्यंत आवश्यक दवाई, वैक्सीन और स्वास्थ्य उपकरणों से लैस रखा जाएगा। जहां कहीं भी पार्किंग है वहां पर मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है। सभा स्थल से लेकर प्रधानमंत्री के लिए भी स्वास्थ्य विभाग की टीम को तैयार किया गया है।

स्वास्थ्य महकमा हाई अलर्ट पर

बिहार का स्वास्थ्य महकमा पीएम मोदी के बिहार दौरे और मधुबनी में पंचायती राज दिवस पर कार्यक्रम को लेकर हाई अलर्ट पर है। किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए मधुबनी के सदर अस्पताल, झंझारपुर का अनुमंडल अस्पताल और अररिया संग्राम के ट्रामा सेंटर में ICU सहित हाई लेवल हेल्थ ट्रीटमेंट के लिए तैयार किया गया है। इतना ही नहीं, स्वास्थ्य विभाग ने मधुबनी के तीन और दरभंगा एक प्राइवेट अस्पताल को भी प्रधानमंत्री की सभा को लेकर उच्च तकनीक से लैस स्वास्थ्य सुविधा के साथ अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। इन अस्पतालों का दौरा मधुबनी व राज्य स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है।

(रिपोर्ट- कुमार गौरव)

 यह भी पढ़ें-

'हर महीने 12 लाख नौकरी और 38 लाख रोजगार', विधानसभा चुनाव से पहले सम्राट चौधरी ने बताया नीतीश सरकार का प्लान

हरियाणा सीएम सैनी बोले- सम्राट चौधरी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा बिहार चुनाव, सम्राट ने नीतीश को NDA का नेता बताया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।