1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में मुर्गी दाना कारोबारी का अपहरण, मांगी 10 लाख की फिरौती, पुलिस ने 8 घंटे में छुड़ाया

मुजफ्फरपुर में मुर्गी दाना कारोबारी का अपहरण, मांगी 10 लाख की फिरौती, पुलिस ने 8 घंटे में छुड़ाया

 Published : Aug 20, 2026 10:03 pm IST,  Updated : Aug 20, 2026 10:03 pm IST

मुजफ्फरपुर में मुर्गी दाना कारोबारी के अपहरण का मामला सामने आया है। बदमाश वीडियो कॉल के जरिए परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 घंटे में कारोबारी को छुड़ाया और चार अपहर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरपुर मुर्गी दाना कारोबारी अपहरण, - India TV Hindi
मुजफ्फरपुर मुर्गी दाना कारोबारी अपहरण Image Source : INDIA TV

बिहार के मुजफ्फरपुर में मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार के अपहरण का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कारोबारी को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मुजफ्फरपुर पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त अभियान में की गई।

खंडहरनुमा मकान में बंधक बनाया गया था

19 अगस्त को मिठनपुरा थाना क्षेत्र निवासी श्वेता कुमारी ने पुलिस को सूचना दी के अज्ञात अपराधियों ने उनके पति चंदन कुमार को अपहरण कर लिया है और 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग कर रहे हैं। चंदन कुमार का अपहरण कर बदमाश उन्हें उत्तर प्रदेश के बलिया जिले ले गए थे। वहां उन्हें एक सुनसान और एक खंडहरनुमा मकान में बंधक बनाकर रखा गया था।

फिरौती नहीं मिलने पर दी हत्या करने की धमकी

अपराधियों ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों को व्यवसायी की पिटाई का दृश्य दिखाते हुए 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। फिरौती की रकम नहीं देने पर चंदन कुमार की हत्या करने की धमकी दी अपहृत के साथ मारपीट का दृश्य भी दिखाया जिसे परिजनों ने दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया।

8 घंटे के भीतर व्यापारी को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया

घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना में कांड 233/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कारोबारी की लोकेशन ट्रेस की, जो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद मुजफ्फरपुर पुलिस और यूपी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर चंदन कुमार को महज 8 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। संयुक्त छापेमारी अभियान में घटना में संलिप्त चार अपहर्ताओं को  गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना वाली जगह से एक वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

आगे की कार्रवाई कर रही है पुलिस

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि व्यवसायी की पत्नी श्वेता देवी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पति का अपहरण कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है।  गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारण निवासी सूरज कुमार उर्फ सूरज भान सिंह, रौशन कुमार, कानपुर निवासी, गौरव सिंह तथा समस्तीपुर निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सभी आरोपियों ने फिरौती के लिए अपहरण की साजिश रचने की बात स्वीकार की है। उनका मकसद 10 लाख रुपये की रंगदारी वसूलना था। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।

मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें-

गोपालगंज में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार, SP ने आरोपियों को भेजा जेल

बेटे की शादी में दहेज मांगना पड़ा भारी, DM की बैठी जांच तो पिता का निकला फर्जी प्रमाणपत्र, चली गई सरकारी नौकरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।