1. Hindi News
  2. बिहार
  3. प्रशांत किशोर ने जमानत लेने से किया इनकार, जारी रहेगा आमरण अनशन, युवाओं को लेकर कही ये बात

प्रशांत किशोर ने जमानत लेने से किया इनकार, जारी रहेगा आमरण अनशन, युवाओं को लेकर कही ये बात

 Reported By: Nitish Chandra, Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jan 06, 2025 12:40 pm IST,  Updated : Jan 06, 2025 02:31 pm IST

प्रशांत किशोर को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिली लेकिन उन्होंने जमानत लेने से इनकार कर दिया। उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

Prashant Kishore- India TV Hindi
प्रशांत किशोर Image Source : PTI

पटना:  प्रशांत किशोर को पटना सिविल कोर्ट से जमानत तो मिली लेकिन उन्होंने इस जमानत को लेने से इंकार कर दिया। उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ अगर आवाज उठाना गुनाह है तो जेल जाना मंजूर है। उनका आमरण अनशन जेल में भी जारी रहेगा। 

 

बता दें कि सिविल कोर्ट ने उन्हें कंडीशनल जमानत दी थी, जिसमें प्रशांत किशोर के धरना प्रदर्शन में शामिल होने पर रोक लगाई गई थी। प्रशांत किशोर कंडीशनल बेल लेने से इनकार कर रहे थे लेकिन उनके अधिवक्ता के द्वारा उन्हें समझाने की कोशिश हो रही थी। 

कब हुए थे गिरफ्तार?

पटना के गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और गांधी मैदान में उस जगह को खाली कराया था, जहां जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। प्रशांत किशोर को गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था।

जन सुराज ने प्रेस रिलीज कर बताया था कि पुलिस जबरन प्रशांत किशोर को उठा कर अस्पताल ले गई। आरोप ये भी लगा था कि पुलिस ने प्रशांत को थप्पड़ भी मारा। वहीं एक समर्थक का दावा था कि प्रशांत किशोर का चश्मा भी फेंक दिया गया। इससे जुड़े वीडियो भी सामने आए थे।

जिला प्रशासन की तरफ से सामने आया था बयान 

जिला प्रशासन ने बयान जारी कर बताया था कि जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर एवं कुछ अन्य लोगों के द्वारा अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र गांधी मैदान के गांधी मूर्ति के समक्ष अवैध ढंग से धरना दिया जा रहा था। प्रशासन द्वारा वहां से हटकर धरना के लिए निर्धारित स्थल गर्दनीबाग में जाने के लिए नोटिस दिया गया था। 

प्रतिबंधित क्षेत्र में गैर-कानूनी ढंग से धरना देने के कारण गांधी मैदान थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनेक बार आग्रह करने और पर्याप्त समय देने के बाद भी स्थल खाली नहीं किया गया। इसलिए आज सुबह उन्हें कुछ समर्थकों के साथ गिरफ्तार किया गया है। हालांकि वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। प्रक्रिया के तहत उन्हें कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जा रही है।

जन सुराज ने कही थी ये बात

जन सुराज ने ट्वीट कर कहा था, 'पुलिस प्रशासन ने प्रशांत किशोर को गांधी मैदान से एम्स ले जाकर अनशन तुड़वाने का प्रयास किया। अनशन तुड़वाने में विफल होने पर प्रशासन, प्रशांत किशोर को नई जगह पर ले जाने की कोशिश कर रही है। एम्स के बाहर प्रशांत किशोर को देखने उमड़ी भीड़ पर पुलिस ने बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।