1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Muzaffarpur IAS Topper Story: IAS बने राघव झुनझुनवाला ने बताया सफलता का राज, सिविल सेवा परीक्षा में चौथी रैंक लाकर बढ़ाया मुजफ्फरपुर का मान

Muzaffarpur IAS Topper Story: IAS बने राघव झुनझुनवाला ने बताया सफलता का राज, सिविल सेवा परीक्षा में चौथी रैंक लाकर बढ़ाया मुजफ्फरपुर का मान

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Mar 07, 2026 10:21 am IST,  Updated : Mar 07, 2026 10:21 am IST

Raghav Jhunjhunwala IAS: मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में पूरे देश में चौथी रैंक हासिल की है। जानिए उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय किसको दिया।

Raghav Jhunjhunwala Success Story- India TV Hindi
IAS बने राघव झुनझुनवाला ने अपनी कामयाबी का राज बताया। Image Source : REPORTERS INPUT

Raghav Jhunjhunwala Success Story: संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस बार भी बिहार के प्रतिभाशाली छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। मुजफ्फरपुर के सरैयागंज के पंकज मार्केट में रहने वाले अशोक झुनझुनवाला के बेटे राघव झुनझुनवाला ने परचम लहराया है। उन्होंने देशभर में चौथी रैंक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। वह शुरू से मेघावी रहे हैं।

राघव ने बढ़ाया मुजफ्फरपुर का मान

राघव की इस बड़ी सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे शहर में खुशी का माहौल है। रिजल्ट घोषित होते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि राघव ने अपनी मेहनत और लगन से मुजफ्फरपुर को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

निरंतर मेहनत को राघव ने दिया क्रेडिट

राघव झुनझुनवाला ने बताया कि यह उनका तीसरा प्रयास था। उन्होंने कहा कि उनकी शुरुआती पढ़ाई मुजफ्फरपुर से ही हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की और वहीं रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की। राघव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को दिया।

12वीं क्लास में बिहार टॉपर रह चुके हैं राघव

परिजनों के अनुसार, राघव बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और अपने लक्ष्य को लेकर हमेशा गंभीर रहते थे। उनकी शुरुआती पढ़ाई मुजफ्फरपुर के दिल्ली पब्लिक स्कूल से हुई। स्कूल के दिनों से ही वह पढ़ाई में अव्वल रहे। मुजफ्फरपुर के जीडी मदर स्कूल से 12वी में सीबीएससी बिहार टॉपर रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स  से ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का सपना देखा और उसी दिशा में तैयारी शुरू कर दी।

तीसरे प्रयास में राघव को मिली सफलता

दिल्ली में रहकर उन्होंने लगातार मेहनत की। पहले दो प्रयासों में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तीसरे प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में चौथा स्थान हासिल कर लिया। राघव की इस उपलब्धि पर मुजफ्फरपुर के शिक्षाविदों और सामाजिक लोगों ने भी खुशी जताई है और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी यह सफलता शहर के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। राघव ने अपने समर्पण और लगन से यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत लगातार की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।

(इनपुट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें- UPSC सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित, अनुज अग्रिहोत्री ने किया टॉप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।