1. Hindi News
  2. बिहार
  3. छठ पर्व पर भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने किए खास इंतजाम, खुद बताया पूरा प्लान

छठ पर्व पर भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने किए खास इंतजाम, खुद बताया पूरा प्लान

 Published : Oct 22, 2025 11:44 pm IST,  Updated : Oct 22, 2025 11:44 pm IST

छठ पर्व के मौके पर भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। इस वर्ष छठ विशेष ट्रेनों की संख्या 7,500 से बढ़ाकर 12,000 कर दी गई है।

Indian Railways- India TV Hindi
भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने किए खास इंतजाम Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC

पटना: छठ पर्व में कुछ ही समय बाकी है। ऐसे में छठ के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई देती है। ऐसे में हाजीपुर मुख्यालय वाले पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) जोन के सभी स्टेशनों पर  व्यापक व्यवस्था की गई है। बुधवार को एक सीनियर अधिकारी ने ये जानकारी दी।

अधिकारी ने क्या बताया?

'पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा, "रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों के आगमन और प्रस्थान को सुगम बनाना और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित करना है। इस वर्ष छठ विशेष ट्रेनों की संख्या 7,500 से बढ़ाकर 12,000 कर दी गई है। आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में लोग छठ मनाने के लिए बिहार पहुंचेंगे। उनके स्वागत और आगमन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, वास्तविक चुनौती तब आएगी जब त्योहार के बाद वे अपने कार्यस्थलों पर लौटेंगे।"

उन्होंने कहा, "वापसी की अवधि काफी सीमित होती है, लेकिन उसके लिए भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सभी प्रमुख टर्मिनलों पर बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया (अस्थायी प्रतीक्षालय) का निर्माण बृहस्पतिवार रात तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ईसीआर व्यवस्था की एक ड्रेस रिहर्सल करेगा।"

पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने कहा, “पाटलिपुत्र रेल परिसर से केंद्रीय स्तर पर निगरानी की जाएगी। सभी मंडल कार्यालयों में भी इसी तरह की व्यवस्था की गई है, ताकि स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।” 

उन्होंने बताया, "इस वर्ष इस क्षेत्र में विशेष ट्रेनों की संख्या में काफी वृद्धि की गई है, जिससे लोग बिहार के सुदूर इलाकों तक केवल रेल मार्ग से पहुंच सकेंगे। यदि बिना आरक्षण वाले यात्रियों की संख्या अधिक हुई तो प्रमुख टर्मिनलों से कई बिना घोषणा वाली विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस बार छठ पूजा के दौरान अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हमने छठ के दौरान और उसके बाद सुरक्षित एवं सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। रेलवे के कर्मचारी इस दिशा में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।" (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।