1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार उपचुनाव: RJD ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट, NDA गठबंधन से कौन लड़ रहा?

बिहार उपचुनाव: RJD ने जारी की प्रत्याशियों की लिस्ट, NDA गठबंधन से कौन लड़ रहा?

 Edited By: Amar Deep
 Published : Oct 20, 2024 06:51 pm IST,  Updated : Oct 20, 2024 07:24 pm IST

बिहार में चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए आरजेडी ने प्रत्याशियों की एक लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में तीन प्रत्याशी राजद के जबकि एक प्रत्याशी भाकपा (माले) के हैं।

महागठबंधन के 4 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी।- India TV Hindi
महागठबंधन के 4 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी। Image Source : PTI

पटना: बिहार में उपचुनाव का बिगुल बज चुका है। यहां चार सीटों पर उपचुनाव होना है। वहीं उपचुनाव से पहले आरजेडी और भाकपा (माले) की ओर से एक लिस्ट जारी की गई है, जिसमें चार प्रत्याशियों के नाम हैं। इनमें से तीन प्रत्याशी राजद के जबकि एक प्रत्याशी भाकपा (माले) का है। ये सीट इंडिया गठबंधन की ओर से जारी की गई है। इन चार में से तीन सीट विधायकों के सांसद बनने के बाद खाली हुई थीं। बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और भाकपा (माले), भाकपा और माकपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चारों प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया।

तीन सीटों पर राजद के प्रत्याशी

इंडिया गठबंधन की ओर से जारी की गई लिस्ट में आरजेडी तीन सीटों रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज पर जबकि भाकपा (माले) एक सीट तरारी से चुनाव लड़ेगी। बता दें कि रामगढ़ सीट से जगदानंद सिंह के बेटे तथा सुधाकर सिंह के भाई अजित सिंह को राजद ने प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि सुधाकर सिंह के बक्सर से सांसद बनने के बाद रामगढ़ सीट खाली हुई थी। वहीं बेलागंज ले राजद के प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह चुनाव लड़ेंगे। इस सीट से उनके पिता सुरेन्द्र प्रसाद यादव चुनाव लड़ते थे, जो अब जहानाबाद से सांसद हैं। वहीं इमामगंज से राजद ने गया जिला परिषद के पूर्व सदस्य रोशन मांझी को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा लिस्ट में चौथा नाम तरारी सीट से भाकपा (माले) के नेता राजू यादव का है। राजू यादव ने 2019 में आरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उस समय वह हार गए थे। बता दें कि तरारी से विधायक रहे सुदामा प्रसाद आरा से सांसद बन गए हैं, जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

NDA की ओर से दो सीटों पर बीजेपी

एनडीए गठबंधन की बात करें तो रामगढ़ और तरारी पर बीजेपी ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। रामगढ़ से भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह पूर्व विधायक हैं, जबकि तरारी से प्रत्याशी विशाल प्रशांत कई बार विधायक रह चुके सुनील पांडेय के बेटे हैं। इसके अलावा इमामगंज सीट पर जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM), जबकि बेलागंज सीट पर नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यू) चुनाव लड़ सकती है। बता दें कि बिहार में उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। यहां 13 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 23 नवंबर को सामने आएंगे। (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

BJP ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए जारी की पहली लिस्ट, 99 उम्मीदवारों के नाम

वाराणसी दौरे पर PM मोदी, 6100 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी, जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।