1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: बंदूक की नोक पर दुकान में घुसकर की लाखों की लूट, ग्राहक-दुकानदार को बनाया बंधक, बोरे में भर कर ले गए गहने

बिहार: बंदूक की नोक पर दुकान में घुसकर की लाखों की लूट, ग्राहक-दुकानदार को बनाया बंधक, बोरे में भर कर ले गए गहने

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Feb 08, 2026 08:11 pm IST,  Updated : Feb 08, 2026 08:11 pm IST

बिहार के सारण जिले में दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर लूट का मामला सामने आया है। यहां एक ज्वेलरी शॉप में घुसकर बदमाशों ने ग्राहकों और दुकानदार को बंधक बना लिया और फिर झोले में गहने भरकर ले गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

दुकान में घुसकर की लाखों की लूट।- India TV Hindi
दुकान में घुसकर की लाखों की लूट। Image Source : REPORTER INPUT

सारण: जिले में रविवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट हुई है। बताया जा रहा है कि दो बाइकों पर 6 बदमाश सवार होकर पहुंचे। दुकान में घुसते ही बदमाशों ने ग्राहक और दुकानदार को पिस्टल दिखाकर डराया। इसके बाद बोरे में चांदी-सोने की ज्वेलरी भरकर भाग निकले। इस दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।  

CCTV फुटेज आया सामने

वीडियो में दिख रहा है कि तीन बदमाश दुकान के अंदर हैं। दो के हाथ में पिस्टल है। एक बदमाश पिस्टल के बल पर ग्राहकों को बंधक बनाए हुए है। वहीं, दो बदमाश जल्दी-जल्दी बोरे में ज्वेलरी भर रहे हैं। इस दौरान दुकान में मौजूद ग्राहक चिल्ला रहे हैं। दो मिनट में बदमाश सामान और ज्वेलरी लेकर भाग निकले घटना मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज मिला है, जिसके आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।

दो बाइक से पहुंचे 6 बदमाश

दुकान संचालक बृज बिहारी गुप्ता ने बताया कि दुकान में कुछ ग्राहक पहुंचे थे, वह उन्हें आभूषण दिखा रहे थे। इसी दौरान उत्तर दिशा से दो बाइक पर 6 बदमाश पहुंचे और गन पॉइंट पर लूटपाट की। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। बृज बिहारी ने बताया कि 3 बदमाश दुकान में घुसे और दो गेट के पास खड़े थे। एक बदमाश बाइक के पास था। अंदर घुसे एक बदमाश के पास बोरा था। हथियार का भय दिखाकर बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी को तेजी से बोरे में भर लिया और कुछ ही मिनटों में फरार हो गए।

पिस्टल दिखाकर लॉकर खुलवाया

पीड़ित अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर बदमाश दुकान में घुस आए और आते ही वहां मौजूद सभी लोगों पर पिस्टल तान दी। इसी दौरान एक बदमाश गाली देते हुए पिताजी के पास पहुंचा और धमकी दी कि लॉकर खोलो, नहीं तो गोली मार देंगे। उस समय पिताजी की गोद में एक बच्चा था, जो डर से रोने लगा। पिताजी बच्चे को लेकर बाहर जाने लगे तो बदमाशों ने पिस्टल तानकर उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। इसके बाद बाहर खड़ा एक बदमाश बोरा लेकर दुकान के अंदर आया। सभी बदमाशों ने मिलकर दुकान में रखे आभूषण और नकदी तेजी से बोरे में भरा और कुछ ही पलों में वहां से फरार हो गए। करीब 20 लाख रुपए के आभूषण और नकदी बदामाश अपने साथ ले गए।

सीसीटीवी फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस

सदर SDPO राजकुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बाजार के ज्वेलर्स दुकान से लूट की घटना हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर रही है। आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा लूटपाट के बाद सभी बदमाश फायरिंग करते उत्तर दिशा की ओर भाग निकले। (इनपुट- बिपिन श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

विजयपुरा में प्राइवेट ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका

दिल्ली के मंगोलपुरी में जोरदार धमाके के साथ फटा सिलेंडर, चार लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।