1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: मिड-डे मील की दाल में मिला सांप! उसी को बच्चों ने खाया, 250 से अधिक हुए बीमार, सभी अस्पताल में भर्ती-VIDEO

बिहार: मिड-डे मील की दाल में मिला सांप! उसी को बच्चों ने खाया, 250 से अधिक हुए बीमार, सभी अस्पताल में भर्ती-VIDEO

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 07, 2026 09:08 pm IST,  Updated : May 07, 2026 10:13 pm IST

मिड-डे मील का खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कर इलाजा किया जा रहा है। परिजनों ने दावा किया कि बच्चों ने जो दाल खाई है, उसमें सांप मिला था।

अस्पताल में बच्चों का किया जा रहा इलाज- India TV Hindi
अस्पताल में बच्चों का किया जा रहा इलाज Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के सहरसा जिले में एक स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए।  ये मामला महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा का है। जहां गुरुवार को मिड-डे मील खाने के बाद 250 से ज्यादा बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

इलाज में जुटी डॉक्टरों की टीम

बच्चों को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी। अधिकारी ने बताया कि 115 बच्चों का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जबकि करीब 50 विद्यार्थियों को महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी रही, जबकि गंभीर हालत वाले कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। 

खाना खाने के कुछ ही देर बाद बिगड़ी तबीयत

छात्रों ने बताया कि मिड-डे मील में चावल और दाल खाने के कुछ देर बाद ही कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। 

दाल के बर्तन में मिला सांप!

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार,  कुछ बच्चों के परिजन ने दावा किया कि जिस बर्तन में पकी हुई दाल रखी गई थी, उसमें एक सांप मिला। उन्होंने बताया कि विद्यालय में मौजूद 545 विद्यार्थियों में से करीब 200 बच्चे भोजन कर चुके थे। इस दावे के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि एफएसएल टीम और औषधि निरीक्षक ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा, 'जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।' 

जानिए क्या बोले अस्पताल के डॉक्टर?

वहीं, सिविल सर्जन डॉक्टर राजनारायण प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने मिड-डे मील के नमूनों को जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

संजीव कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।