1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: मांझी ने राहुल, तेजस्वी, चिराग पर कसा तंज, कहा- समय आने पर हनीमून मनाने चले जाते हैं

बिहार: मांझी ने राहुल, तेजस्वी, चिराग पर कसा तंज, कहा- समय आने पर हनीमून मनाने चले जाते हैं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 06, 2021 11:16 pm IST,  Updated : Jan 06, 2021 11:16 pm IST

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने युवा नेताओं और विपक्षी पार्टियों के उतराधिकारियों पर जमकर कटाक्ष किया है।

Manjhi Rahul Gandhi, Manjhi Tejashwi Yadav, Manjhi Chirag Paswan, Rahul Gandhi- India TV Hindi
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने युवा नेताओं और विपक्षी पार्टियों के उतराधिकारियों पर जमकर कटाक्ष किया है। Image Source : PTI

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने युवा नेताओं और विपक्षी पार्टियों के उतराधिकारियों पर जमकर कटाक्ष किया है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव और लोकजनशक्ति पार्टी (LJP) के प्रमुख चिराग पासवान पर तंज कसते हुए कहा कि समय आने पर ये नेता कहीं अपना 'हनीमून' मनाने चले जाते हैं। मांझी ने तीनों नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि ये तीनो लोग क्या करने जाते हैं, किसी को कुछ पता नहीं।

‘तेजस्वी कभी लालू नहीं हो सकते’

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की कार्यकारिणी की बैठक के बाद बुधवार को सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने RJD के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के दिल्ली में रहने के संबंध में कहा, ‘लोकसभा चुनाव में हारने के बाद भी तेजस्वी पटना से बाहर चले गए थे। उस समय 'हम' महागठबंधन के साथ था। उस समय भी मैंने कहा था कि तेजस्वी यादव लालू प्रसाद नहीं हो सकते हैं। आज भी मैं कहता हूं कि मुख्य मुद्दा जब आता है, बाढ़ का मामला हो या चमकी बुखार का मामला, आज किसान आंदोलन का मामला है वे दिल्ली जाकर क्यों बैठ जाते हैं। उन्हें दिल्ली का काम करना चाहिए, लेकिन बिहार को नहीं छोड़ना चाहिए।’

‘तीनों पता नहीं क्या करने जाते हैं’
भारतीय जनता पार्टी और जनता दल युनाइटेड के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल HAM के नेता मांझी ने आगे कहा, ‘ये हिन्दुस्तान के, बिहार के तीनों जो युवराज लोग हैं, चाहे राहुल गांधी हों, चिराग पासवान हों या तेजस्वी यादव, समय आने पर तीनों अपना कहीं हनीमून मनाने जाते हैं, क्या करने जाते हैं पता नहीं।’ बिहार में पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों में HAM ने कुल 4 सीटें जीती थीं। बता दें कि तेजस्वी काफी दिनों से पटना से बाहर हैं, जिसे लेकर उनके विरोधी लगातार सवाल उठा रहे हैं। (IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।