मुजफ्फरपुर: बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने मुजफ्फरपुर में सरकार के विजन को शेयर करते हुए इंफ्रास्ट्रक्टर, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में अहम घोषणाएं की। उन्होंने कहा पुराने शहरों के जीर्णोद्धार के साथ-साथ अब राज्य में नए आधुनिक शहरों को भी बसाया जा रहा है। सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर जिले में 1,047 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 शहरी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस मौके पर सम्राट चौधरी ने कहा-"किसी पुराने शहर को नया रूप देने में समय लगता है, चाहे बात नालियों, गलियों, पानी की सप्लाई, पार्कों, कम्युनिटी सेंटरों या गरीबों के लिए पक्के घर बनाने की हो; इन सभी मोर्चों पर काम चल रहा है। बिहार सरकार आपके लिए काम कर रही है।"
12 जगहों पर नए टाउनशिप
इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बिहार में करीब 12 जगहों पर नए टाउनशिप विकसित करने का फैसला किया है। मुजफ्फरपुर भी उन्हीं चुनिंदा स्थानों में से एक है, जहां सरकार 'तिरहुत' नाम से एक नया टाउनशिप स्थापित करने पर काम कर रही है। हम अब 12 जगहों पर नए शहरों के विकास की शुरुआत कर रहे हैं, जिसमें हर घर तक बिजली और पानी जैसी ज़रूरी सुविधाओं को पहुंचाने पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री और नीतीश कुमार ने इस काम को आगे बढ़ाया है।
महिला सशक्तिकरण पर भी पूरा ध्यान
इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही महिला सशक्तिकरण पर भी सरकार का पूरा ध्यान है। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि हम मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा,"हम मुख्यमंत्री महिला रोज़गार योजना के तहत महिलाओं को रोज़गार के लिए फंड देंगे। हमने पहले ही अपनी बहनों के खातों में पैसे भेज दिए हैं। जो बहनें शायद छूट गई होंगी, हम यह पक्का करेंगे कि उन्हें भी इसमें शामिल किया जाए।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर क्या बोले सीएम?
शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और छात्रों को बेहतर भविष्य देने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि आज हमें अपनी विरासत पर गर्व है और हम इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, हम मॉडल स्कूल और डिग्री कॉलेज बना रहे हैं। इन सभी सुविधाओं के लिए इंतज़ाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा से जुड़े कई पहलुओं पर काम कर रही है, चाहे वह डिग्री कॉलेज बनाना हो, मॉडल स्कूल बनाना हो या हमारे सरकारी स्कूलों में कोचिंग सेंटर शुरू करना हो; हम इन सबके लिए इंतज़ाम कर रहे हैं।
बता दें कि हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी। इस बैठक में कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी जिनमें राज्य में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का डेवलप करना भी शामिल था। इसके साथ ही 4 प्रमुख कॉरिडोर में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) की योजना, सरकारी भवनों पर 500 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने तथा मत्स्य इन्फ्रांस्ट्रक्चर के विकास के लिए नई कंपनी के गठन जैसे अहम फैसले शामिल थे। (ANI)
ये भी पढ़ें:
बिहार में कई गुना बढ़ जाएंगी जमीन की कीमतें, राज्य में डेवलप किए जाएंगे नए सैटेलाइट टाउनशिप