1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बारातियों से भरी बस पलटी और खाई में जा गिरी, 1 की मौत और कई घायल, शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया

बारातियों से भरी बस पलटी और खाई में जा गिरी, 1 की मौत और कई घायल, शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया

 Published : Jul 20, 2026 08:31 am IST,  Updated : Jul 20, 2026 09:06 am IST

सारण जिले के तरैया में बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई और करीब 10 फीट गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हैं। जेसीबी के माध्यम से बस को रेस्क्यू किया गया और फंसे हुए लोगों को निकाला गया। बस हाजीपुर से तरैया आ रही थी।

सारण में बस पलटी- India TV Hindi
सारण में बस पलटी Image Source : INDIA TV

बिहार के सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बाराती की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। इसके अलावा कई लोग इस हादसे में घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों को बचाने के लिए रैस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

जानकारी के मुताबिक वैशाली के लालगंज से बारातियों से भरी एक बस जगदीशपुर जा रही थी। रास्ते में एसएच-73 पर गंडार गांव के पास  स्पीड ब्रेकर पर बस ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और तेज रफ्तार बस पहले सड़क किनारे सूखे पेड़ से टकराई, फिर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद पास के गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी और राहत बचाव का काम शुरू किया गया।  

खिड़की तोड़कर लोगों को निकाला गया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान एक बाराती बस के नीचे दब गया था। उसे निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर तुरंत रेफरल अस्पताल तरैया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बस पलटने से 1 की मौत कई घायल 

मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशुनपुर अररा गैरोल निवासी मोहम्मद असगर के रूप में हुई है। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने लोगों को निकाला

घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत और बचाव अभियान चलाया गया। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।   

इनपुट: बिपिन श्रीवास्तव (सारण)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।