बिहार चुनाव को लेकर एनडीए में हुए सीट बंटवारे के बाद घमासान मचा हुआ है। जेडीयू और भारतीय जनता पार्टी के नेता ही अपने शीर्ष आलाकमान से नाराज दिखाई दे रहे हैं। भागलपुर से जेडीयू सांसद गोपाल मंडल ने पार्टी से इस्तीफा देने की भी बात कही है। वहीं, गिरिराज सिंह ने एनडीए की सीट शेयरिंग को लेकर नाराजगी जताई है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बयान सामने आया है।
शेष बची सीटों पर जल्द होगा निर्णय
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दलों के बीच 99 प्रतिशत सीटों पर यह तय हो गया है कि कौन-सी पार्टी किस सीट से चुनाव लड़ेगी।' उनके अनुसार, शेष सीटों पर बहुत जल्द निर्णय लिया जाएगा।
लगभग सभी सीटों पर बनी सहमति
धर्मेंद्र प्रधान ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में कहा,'एनडीए के पांचों घटक दलों के बीच बातचीत जारी है। लगभग सभी सीटों पर सहमति बन चुकी है।' उन्होंने यह बातें तब कही हैं जब एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर मतभेद के स्वर उभरने लगे हैं।
कुछ सीटों पर फंसा पेंच
जेडीयू ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी के हिस्से में गई कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह दे दिया है। सूत्रों का कहना है कि एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर सब कुछ ठीक नहीं है, कुछ सीटों को लेकर पेंच फंसा हुआ है।
नाराज हुए उपेंद्र कुशवाहा
हालांकि, एनडीए में एक जुटता दिखाने के लिए जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने ‘एक्स’ पर यह जानकारी दी है कि 'सीटों की संख्या तय हो गई है, कौन दल किस सीट पर लड़ेगा, इसकी सकारात्मक बातचीत अंतिम दौर में है। मोदी जी और नीतीश जी के नेतृत्व में राजग के सभी दल एकजुटता के साथ पूरी तरह तैयार हैं।'
बनेगी NDA की सरकार- धर्मेंद्र प्रधान
प्रधान ने दावा किया कि विपक्षी दलों को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, '14 नवंबर के बाद एक बार फिर बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी।' प्रधान ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट मानना है कि पूर्वोत्तर भारत के विकास का मार्ग बिहार से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा, 'बिहार देश की राजनीतिक पाठशाला है। बिना बिहार की राजनीति को समझे, कोई भी व्यक्ति राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हो सकता।' (भाषा के इनपुट के साथ)