1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुंगेर में सनसनीखेज वारदात, बदमाशों ने ईंट के भट्ठे पर तैनात गार्ड की गोली मारकर की हत्या

मुंगेर में सनसनीखेज वारदात, बदमाशों ने ईंट के भट्ठे पर तैनात गार्ड की गोली मारकर की हत्या

 Published : Jul 16, 2026 08:56 am IST,  Updated : Jul 16, 2026 09:29 am IST

मुंगेर में ईंट के भट्टे पर सो रहे एक गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई, मृतक ने कुछ दिनों पहले बेटी के अपहरण का मामला पुलिस में दर्ज कराया था। लोगों को शक है कि इसी के चलते हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुंगेर में युवक की गोली मारकर हत्या- India TV Hindi
मुंगेर में युवक की गोली मारकर हत्या Image Source : INDIA TV

बिहार के मुंगेर में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। ईंट-भट्टे पर नाइट गार्ड की ड्यूटी कर रहे एक व्यक्ति की देर रात सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड को मृतक की बेटी के कथित अपहरण के मामले से जोड़कर देख रही है। आरोप है कि मृतक पर बेटी के अपहरण का केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और विरोध करने पर वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और एफएसएल की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। 

मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र के डकरा सतखजुरिया गांव में बुधवार की देर रात अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। डकरा नाला स्थित राजा ईंट-भट्ठा पर नाइट गार्ड के रूप में तैनात 45 साल के सुबोध कुमार यादव चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान बदमाश भट्टे पर पहुंचे और सुबोध कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सबूत जुटाए गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो महीने पहले 29 मई को सुबोध यादव की बेटी के कथित अपहरण का मामला सफियासराय थाना में दर्ज कराया गया था। इस मामले में एक नामजद आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केस वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था और इसी विवाद की वजह से सुबोध यादव की हत्या की गई। 

जांच में जुटी पुलिस

डकरा सतखजुरिया में हुई इस हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इसे बेटी के अपहरण मामले से जुड़े विवाद के एंगल से भी जांच रही है, लेकिन मौत का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, अपहरण केस, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दो संदिग्धों से पूछताछ जारी है। इस हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी इसकी जांच की जा रही है।

इनपुट: मोहम्मद इम्तियाज खान (मुंगेर)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।