बिहार में शराब का धंधा कर काली कमाई करने वाले और राजनीति में अपनी पैठ बनाकर रखने वालों की लंबी फेहरिस्त है। इन लोगों के सामने बड़े-बड़े अफसर और नेता भी सलाम करते है। ताजा मामला पूर्वी चंपारण जिले का है जहां पुलिस के आला अधिकारी शराब के नामजद तस्कर की खिदमत करते दिख रहे हैं। जिस थाने से शराब के धंधा में पकड़े जाने पर जेल भेजा गया, उसी थाने के थानाध्यक्ष समेत दरोगा शराब तस्कर का जन्मदिन मना रहे हैं, उसे केक खिला रहे हैं और केक खिलाते हुए फोटो खिंचवा रहे हैं। सोशल मीडिया पर पुलिस की ये तस्वीरें वायरल हो रही हैं।
शराब तस्कर बिट्टू कुमार की जन्मदिन पार्टी में पहुंचे थानाध्यक्ष और दरोगा
दरअसल पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस और शराब तस्कर बिट्टू कुमार के बर्थडे सेलिब्रेशन की एक फोटो वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। बिट्टू कुमार के जन्मदिन की पार्टी में पीपरा थानाध्यक्ष सतीश कुमार और दरोगा बिपिन कुमार शामिल हुए। थानाध्यक्ष और दरोगा बिट्टू कुमार को केक खिला रहे हैं और उसके साथ फोटो खिंचवा रहे हैं। ये तस्वीरें पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े कर रही हैं।
बिट्टू कुमार के खिलाफ कई मामले दर्द
आपको बता दें शराब तस्कर बिट्टू कुमार पुर्वी चम्पारण जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के निवासी है। उनके पिता का नाम पिता दिनेश कुमार मिश्रा है। बिट्टू कुमार पर साल 2020 में गोपालगंज जिला उत्पाद थाना कांड संख्या 167/20 दर्ज है वहीं पूर्वी चम्पारण जिले के पीपरा थाना कांड संख्या 304/24 दर्ज हैं। ऐसे में शराब तस्कर से पुलिस की दोस्ती और सांठगांठ को लेकर हर कोई चर्चा कर रहा है।
थाना अध्यक्ष सतीश कुमार और दरोगा बिपिन कुमार निलंबित
इस पूरे मामले के सामने आने और तस्वीरों को सच मामने के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पीपरा थानाध्यक्ष सतीश कुमार और दरोगा बिपिन कुमार को फिलहाल के लिए निलंबित कर दिया है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। वायरल फोटो की सच्चाई क्या है और तस्वीर के साथ कहीं कोई छेड़खानी तो नहीं की हई। इसकी तफ्तीश की जा रही है। फोटो का सच सामने आने के बाद थानाध्यक्ष और दरोगा पर विभागीय करवाई की जा सकती है।
इनपुट: अरविन्द कुमार, मोतिहारी