1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सीतामढ़ी में दिल दहलाने वाला हादसा, ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, महिला-बच्चे समेत 4 की मौत

सीतामढ़ी में दिल दहलाने वाला हादसा, ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, महिला-बच्चे समेत 4 की मौत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 08, 2025 10:12 pm IST,  Updated : Mar 08, 2025 10:12 pm IST

ऑटो में कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में मां-बेटे के अलावा दो अन्य लोग शामिल हैं।

Accident- India TV Hindi
हादसे में टेम्पो के परखच्चे उड़ गए Image Source : INDIA TV

बिहार के सीतामढ़ी में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना सीतामढ़ी के एक व्यस्त सड़क पर हुई, जहां ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दिया, जिसमें चार लोग सवार थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक ऑटो के ऊपर पूरी तरह चढ़ गया।

घटना के बाद मौके पर सदर डीएसपी रामकृष्ण सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात काबू में किए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ऑटो के अलग-अलग हिस्सों को क्रेन की मदद से अलग किया जा रहा है।

नशे में था ट्रक ड्राइवर

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने बताया कि ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में था और तेज गति से ट्रक चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ है। इस हादसे में महिला बच्चे समेत कुल चार लोगों की मौत हुई है। लोग सड़क सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद टेम्पो की हालत अच्छी नहीं है। कुल चार लोगों के शव बरामद हुए हैं। इनमें चार वयस्क और एक बच्चा शामिल हैं। टक्कर के बाद टेम्पो ट्रक के नीचे दब गया था। ट्रक ड्राइवर घटना के बाद फरार हो गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी ड्राइवर लापरवाही से ट्रक चला रहा था। हादसे से पहले कई अन्य लोग ट्रक की चपेट में आने से बचे थे।

(सीतामढ़ी से सौरभ की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।