1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में 200 पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती, जवान का आरोप- 'हमें मारने की हुई कोशिश, खाने के पास थी सल्फास की पुड़िया'- VIDEO

बिहार में 200 पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती, जवान का आरोप- 'हमें मारने की हुई कोशिश, खाने के पास थी सल्फास की पुड़िया'- VIDEO

 Published : Aug 19, 2024 11:41 am IST,  Updated : Aug 19, 2024 11:48 am IST

एक साथ 200 पुलिस जवानों की तबीयत बिगड़ने पर स्थानीय प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। गंभीर रूप से बीमार पुलिस जवानों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जवानों का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस जवानों की बिगड़ी तबीयत- India TV Hindi
पुलिस जवानों की बिगड़ी तबीयत Image Source : INDIA TV

बिहार के सुपौल जिले में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की एक साथ तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार की दोपहर के भोजन करने के बाद सभी जवानों की तबियत बिगड़ी है। तब से पुलिस के जवानों को उलटी और दस्त शुरू हो गए। 

ट्रेनिंग के लिए आए हैं पुलिस के जवान

सुपौल के भीमनगर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 12वीं एवं 15 वी बटालियन में ट्रेनिंग के लिए लगभग 200 जवान आए हुए हैं। यहीं पर इनकी तबीयत बिगड़ गई। अब उन्हें इलाज के लिए वीरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रात 9 बजे तक 200 जवान गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे

बताया जा रहा है कि रविवार की दोपहर के भोजन के बाद सभी की तबियत बिगड़ी है। जवानों को उलटी और दस्त हो रहे हैं। रात 9 बजे तक लगभग 200 जवान अनुमंडल अस्पताल पहुंच गए थे। भीमनगर थानाध्यक्ष दीपक कुमार और वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर जवानों से उनका हाल चाल लिया है।

ट्रेनिंग में मिल रहा खराब खाना

पुलिस जवान मुकेश कुमार ने बताया कि लगातार ट्रेनिंग के दौरान खाना खराब मिल रहा था।  इस खाने का लगातार जवानों के द्वारा विरोध किया जा रहा था। इससे रविवार को खाना खाने के बाद ट्रेनिंग कर रहे जवानों की तबियत बिगड़ने लगी।

खाने के पास देखी गई सल्फास की पुड़िया- पुलिस जवान का आरोप

साथ ही पुलिस जवान मुकेश कुमार ने बताया कि जब वहां बाकी साथी पहुंचे तो खाना बनाने की जगह पर सल्फास की पुड़िया देखी गई। इससे स्पष्ट होता है कि सभी जवानों की हत्या करने की कोशिश की गई है। रविवार दोपहर से लगातार जवानों के तबियत बिगड़ने का सिलसिला जारी है। 

पुलिसवालों को खुद खरीद कर लानी पड़ रही दवा

इलाज के दौरान मात्र एक डॉक्टर होने के चलते बीमार होने की संभावना में अनुमंडल अस्पताल पहुंचे बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवानों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस जवानों का कहना था कि इतने बड़े अस्पताल में मात्र एक डॉक्टर के द्वारा इलाज किया जा रहा है। ये इलाज होते-होते सुबह हो जाएगा। इतने समय में किसकी जान बचेगी और कौन रहेगा ये कहना मुश्किल है? इसी क्रम में कई जवानों ने बताया कि अस्पताल में किसी भी दवाई की सुविधा नहीं है। सभी को अपनी दवा खुद खरीदकर लाना पड़ रहा है। 

एसडीएम ने कहा, फूड प्वॉइजनिंग का है मामला

पुलिस जवानों के एक साथ बीमार होने एसडीएम ने कहा कि फूड प्वॉइजनिंग का मामला है।अभी वेट एंड वाच की स्थिति है। जवानों के बीमार होने की खबर आते ही एसडीएम मौके पर ही बने हुए हैं। सभी जवानों की देख रेख का ख्याल रख रहे हैं।

संजीव कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।