1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'नीतीश कुमार को मैंने पिता तुल्य माना है', सरकार गिरने के बाद तेजस्वी यादव ने दिया बयान

'नीतीश कुमार को मैंने पिता तुल्य माना है', सरकार गिरने के बाद तेजस्वी यादव ने दिया बयान

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Feb 12, 2024 09:24 pm IST,  Updated : Feb 12, 2024 09:24 pm IST

बिहार विधानसभा में राजद को फ्लोर टेस्टिंग में हार का सामना करना पड़ा है। सोमवार को तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हमेशा पिता तुल्य माना है। उन्हें नहीं पता कि किस वजह से वह महागठबंधन छोड़कर भाजपा नीत राजग में लौटने को मजबूर हुए।

Tejashwi Yadav remark on nitish kumar after government collapse said I have considered Nitish Kumar - India TV Hindi
सरकार गिरने के बाद तेजस्वी यादव ने दिया बयान Image Source : PTI

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हमेशा पिता तुल्य माना है और उन्हें नहीं पता कि किस वजह से वह ‘‘महागठबंधन’’ छोड़कर भाजपा नीत राजग में लौटने के लिए मजबूर हुए। बिहार विधानसभा में कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए, यादव ने अपने पूर्व बॉस पर रिकॉर्ड नौवीं बार और पांच साल के भीतर तीसरी बार शपथ लेने के लिए भी तंज कसते हुए कहा कि ऐसा उदाहरण पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने सदन में मौजूद कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘मैंने आपको दशरथ (महाकाव्य रामायण के पात्र) माना है। मुझे नहीं पता कि किन कारणों से आपको महागठबंधन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।’ 

Related Stories

महागठबंधन से डरी है भाजपा

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा बिहार में ‘‘महागठबंधन’’ सरकार से डरी हुई थी। क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गारंटी दे सकते हैं कि नीतीश कुमार फिर पलटी नहीं मारेंगे।” राजद नेता ने कहा, ‘‘मुझे जदयू विधायकों के लिए बुरा लग रहा है क्योंकि उन्हें जनता के बीच जाकर जवाब देना होगा। अगर कोई आपसे पूछे कि नीतीश कुमार ने तीन बार शपथ क्यों ली तो आप क्या कहेंगे। पहले आप उनकी (भाजपा) आलोचना करते थे और अब उनकी प्रशंसा कर रहे हैं, तो आप क्या कहेंगे।’’ यादव ने नीतीश से मुखातिब होते हुए कहा, ‘‘हम समाजवादी परिवार से हैं। आपने देश में मोदी को रोकने के लिए झंडा उठाया था, अब आपका भतीजा बिहार में मोदी को रोकने के लिए झंडा उठाएगा। आप जो झंडा ले कर चले थे कि मोदी को देश में रोकना है, अब आपका भतीजा झंडा उठा कर मोदी को बिहार में रोकने का काम करेगा।’’ 

कर्पूरी ठाकुर पर क्या बोले तेजस्वी

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने पर राजद नेता ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिला। भाजपा ने भारत रत्न को एक सौदा बना लिया है। वोट के बदले सौदा कर रही है। जब कर्पूरी ठाकुर ने राज्य में आरक्षण बढ़ाया था, तो इसी जनसंघ ने कर्पूरी जी को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था। और आप (नीतीश) उनके साथ बैठे हैं।’’ यादव ने कहा, ‘‘हम हमेशा आपका (नीतीश कुमार का) सम्मान करेंगे। जब आप अपना इस्तीफा देने के बाद राज भवन से बाहर आए। आपने कहा कि मन नहीं लग रहा था। हम लोग नाचने-गाने के लिए थोड़े हैं। हम आपका समर्थन करने के लिए वहां थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।