1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में डांसर का शव फंदे से लटका मिला, लखनऊ की रहने वाली थी युवती

बिहार के मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में डांसर का शव फंदे से लटका मिला, लखनऊ की रहने वाली थी युवती

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 04, 2026 11:53 pm IST,  Updated : Aug 05, 2026 12:22 am IST

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रेड लाइट एरिया में एक 22 साल की डांसर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक यूपी के लखनऊ से थी।

Muzaffarpur Bihar- India TV Hindi
डांसर का शव फंदे से लटका मिला Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित चतुर्भुज स्थान रेड लाइट एरिया में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय नर्तकी का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान हो गई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी और पिछले करीब पांच वर्षों से मुजफ्फरपुर में रहकर नर्तकी का काम करती थी।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मृतका पिछले एक महीने से एक मकान की पहली मंजिल पर किराए के कमरे में अकेली रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह रोजाना दोपहर तक तैयार होकर नीचे आ जाती थी, लेकिन मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे तक कमरे से बाहर नहीं निकली। इस पर नीचे रहने वाली एक महिला किरायेदार उसे देखने पहुंची। काफी आवाज दी लेकिन दरवाजा नहीं खुला। कमरे का दरवाजा धक्का देने पर खुल गया। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। लड़की का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। घटनास्थल से फंदे में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा और मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सिगरेट के टुकड़े और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए सुरक्षित किये हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृतका का रामबाग क्षेत्र के एक युवक से परिचय था और उसका कमरे में आना-जाना भी बताया जा रहा है। पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

एसएसपी ने क्या कहा?

वहीं, नगर एएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि लखनऊ निवासी महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला है। घटनास्थल से सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

इससे पहले एक खबर सामने आई थी कि डांसर बनाने के बहाने नाबालिग साली को एक जीजा नेपाल बेचने जा रहा था, सेना ने उसे बॉर्डर से दबोचा था। (रिपोर्ट- संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें-

Video: महिला डांसर को उठाकर भीड़ में फेंका, पीड़िता पुलिस से बोली- 'सब हंसी मजाक में हुआ, कोई शिकायत नहीं'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।