1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में कुदरत का कहर: तेज आंधी-बारिश में मकान पर गिरा पेड़, सोते हुए मासूम भाई-बहन की मौत; पिता का हाथ कटा

मुजफ्फरपुर में कुदरत का कहर: तेज आंधी-बारिश में मकान पर गिरा पेड़, सोते हुए मासूम भाई-बहन की मौत; पिता का हाथ कटा

 Published : May 27, 2026 10:47 pm IST,  Updated : May 27, 2026 10:59 pm IST

मुजफ्फरपुर में आई तेज आंधी एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। रात के सन्नाटे में जब पूरा परिवार घर में गहरी नींद में सो रहा था, तब पेड़ गिरते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई।

घर पर गिरा ताड़ का...- India TV Hindi
घर पर गिरा ताड़ का पेड़। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद ही दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के खरार गांव (वार्ड संख्या 17) में तेज आंधी से एक ताड़ का विशाल पेड़ टूटकर झोपड़ीनुमा घर पर गिर पड़ा। रात के सन्नाटे में जब पूरा परिवार घर में गहरी नींद में सो रहा था, तब पेड़ गिरते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय आदित्य कुमार और 7 वर्षीय स्मृति कुमारी, जो भाई-बहन थे, गंभीर रूप से घायल हो गए।

पिता का हाथ कटा, कई टांके लगे

परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को आनन-फानन में एसकेएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।

हादसे में पिता मुकेश राम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है और कई टांके लगाए गए हैं।

विलाप करते परिजन।
Image Source : REPORTER INPUTविलाप करते परिजन।

मलबे में तब्दील हुआ आशियाना 

ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार रात मुकेश राम अपनी की अपनी पत्नी और बच्चो के साथ सो रहे थे। इसी दौरान घर के समीप स्थित एक विशाल ताड का पेड़ तेज आंधी के दौरान आधा टूटकर सीधे घर पर गिर गया। पेड़ गिरते ही मौके पर चीख पुकार और अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई।

गांव में पसरा मातम
Image Source : REPORTER INPUTगांव में पसरा मातम

गांव में पसरा मातम, छानबीन में जुटी पुलिस

सुबह होते ही जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां सन्नाटा और मातम पसरा रहा। एक ही परिवार के 2 मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल बना हुआ है। दो चिराग बुझने से पूरे खरार गांव की आंखें नम हैं। 

बिहार में 5 लोगों की मौत

बता दें कि बिहार में आंधी-तूफान और वज्रपात के कारण 5 लोगों की मौत हो गई है। मुजफ्फरपुर में 2, पश्चिम चम्पारण, पूर्वी चम्पारण और मुंगेर में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। 

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

यूपी में खराब होने वाला है मौसम, इन जिलों में बारिश की चेतावनी, गिर सकते हैं ओले; 100 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी

राजस्थान में बदला मौसम, कई जगहों पर आंधी के साथ हुई हल्की बूंदाबांदी; जानिए मौसम अपडेट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।